उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपनी मां के पास सो रही एक मासूम बच्ची को भेड़िया उठा ले गया। घंटों चले तलाशी अभियान के बाद मासूम बच्ची का आधा शव खेत में मिला। इसी दौरान एक दूसरे गांव में भी भेड़िए के हमले में पांच साल के बच्चे की भी मौत हो गई। बहराइच में पिछले कई महीनों से जंगली जानवरों का आतंक देखा जा रहा है।
मासूम को मां की गोद से उठा ले गया भेड़िया
जानकारी के मुताबिक बहराइच जिले के खिरिया शरीफ गांव में एक महिला अपनी 10 महीने की बच्ची के साथ घर के बाहर बनी झोपड़ी में सो रही थी। इसी दौरान अपनी मां की गोद में सो रही इस मासूम बच्ची को भेड़िया उठाकर ले गया। जिसके बाद देहात कोतवाली थाना पुलिस को इसी जानकारी दी गई। वन विभाग और ग्रामीणों ने मिलकर घंटों तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद बच्ची का आधा शव खेत में मिला।
कटी-फटी हालत में मिला बच्ची का शव
बहराइच जिले के फॉरेस्ट ऑफिसर विनोद कुमार ने बताया कि खिरिया शरीफ गांव में रमा देवी अपनी 10 महीने की बेटी सुनीता के साथ घर के बाहर एक झोपड़ी में सो रही थीं। आधी रात को जब रमा देवी की नींद खुली तो उनकी बच्ची उनके पास से गायब थी। जिसके बाद गांव वालों ने बच्ची को ढूंढना शुरू किया। इसी दौरान बच्ची के शरीर के कुछ हिस्से कटी-फटी हालत में मिले।
बच्ची का हाथ-पैर खा गया भेड़िया
फरेस्ट ऑफिसर विनोद कुमार के मुताबिक ग्रामीणों के घंटों चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान खेत में अलग-अलग बच्ची के बॉडी पार्ट्स मिले। उन्होंने बताया कि लड़की का एक हाथ और एक पैर गायब था, जहां-जहां बच्ची के बॉडी के पार्ट्स मिले वहां भेड़िए के पैरों के निशाना मिले। बच्ची के बॉडी के बाकी पार्ट्स को भेड़िए के खाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
एक घंटे के भीतर जिले में दूसरी घटना
बहराइच जिले के फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर विनोद कुमार नायक ने बताया कि जिले में जंगली जानवरों के छोटे बच्चों पर हमले का एक घंटे के भीतर ये दूसरा मामला है। इससे पहले कैसरगंज तहसील के मल्लाहन पुरवा गांव में शुक्रवार शाम को घर के बाहर खेल रहा पांच साल का बच्चा भेड़िये के हमले में घायल हो गया था। बच्चे को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
भेड़िए को पकड़ने की कोशिश तेज
बहराइच जिले में एक घंटे के भीतर दो बच्चों पर भेड़िए के हमले और दोनों बच्चों की मौत के बाद वन विभाग ने भेड़िए की तलाश तेज कर दी है। ड्रोन की मदद से भेड़िए की तलाश की जा रही है और उसे पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं। बहराइच वन विभाग के अधिकारी, एक्सपर्ट की मदद से भेड़िए को पकड़ने का अभियान चला रहे हैं।