AI Job Risk Report: क्या AI खा जाएगा आपकी नौकरी? एंथ्रोपिक की रिपोर्ट ने खोल दी पोल, जानें कौन है सेफ

AI Job Risk Report: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से काम की दुनिया को बदल रहा है और नौकरियों को लेकर चिंता भी बढ़ रही है। एक नई रिपोर्ट में बताया गया है कि कुछ तरह की जॉब्स पर AI का असर ज्यादा पड़ सकता है, जबकि कई काम ऐसे भी हैं जहां फिलहाल इंसानों की जरूरत बनी हुई है।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम लाइवमिंट.कॉम)
अपडेटेड12 Mar 2026, 10:45 PM IST
किन नौकरियों पर मंडरा रहा है AI का खतरा और कौन-सी जॉब्स अभी सुरक्षित हैं?
किन नौकरियों पर मंडरा रहा है AI का खतरा और कौन-सी जॉब्स अभी सुरक्षित हैं?(istock)

AI Job Risk Report: पिछले कुछ समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI ने काम करने के तरीके को तेजी से बदलना शुरू कर दिया है। ऑफिस के कई काम अब मशीनें और स्मार्ट सॉफ्टवेयर करने लगे हैं। कोई इसे वरदान मान रहा है, तो कोई इसे नौकरियों के लिए खतरा। लोग डरे हुए हैं कि क्या रोबोट या कंप्यूटर उनकी जगह ले लेंगे? लेकिन हाल ही में AI बनाने वाली दिग्गज कंपनी एंथ्रोपिक की एक रिसर्च ने इस पर से पर्दा उठा दिया है। इस स्टडी ने साफ कर दिया है कि AI हर काम नहीं कर सकता। कुछ ऐसी नौकरियां हैं जिन्हें AI शायद कभी छू भी नहीं पाएगा, जबकि कुछ पर खतरा मंडरा रहा है।

अगर आप भी अपने करियर को लेकर फिक्रमंद हैं, तो आइए जानते हैं कि किन लोगों की नौकरी पर खतरा है और किसकी नौकरी सुरक्षित रहेगी।

समझें क्या है ऑब्जर्व्ड एक्सपोजर?

एंथ्रोपिक ने यह पता लगाने के लिए एक पैमाना तैयार किया है जिसे ऑब्जर्व्ड एक्सपोजर कहा जाता है। इस मेट्रिक की मदद से यह देखा गया कि अलग-अलग नौकरियों के कितने काम ऐसे हैं जिन्हें AI कर सकता है या भविष्य में कर सकता है। अगर किसी नौकरी के अधिकतर काम कंप्यूटर या सॉफ्टवेयर से जुड़े हैं तो उस पर AI का असर ज्यादा हो सकता है। वहीं जिन कामों में इंसानी समझ, हाथों से काम या मौके पर निर्णय लेने की जरूरत होती है, वहां AI की पहुंच फिलहाल सीमित मानी जा रही है।

वे 8 फील्ड्स जहां AI की दाल नहीं गलेगी

रिसर्च के मुताबिक, आठ ऐसे बड़े सेक्टर्स हैं जो AI के दौर में भी डटकर खड़े रहेंगे। इनमें से ज्यादातर काम 'ब्लू-कॉलर' यानी जमीनी स्तर पर मेहनत वाले हैं:

  • कंस्ट्रक्शन (निर्माण कार्य): एक कारपेंटर (बढ़ई), इलेक्ट्रिशियन या प्लंबर का काम काफी पेचीदा होता है। दीवार के पीछे कौन सी तार खराब है या पाइप कहां से लीक है, यह एक रोबोट उतनी फुर्ती और समझ से नहीं ढूंढ सकता जितना एक इंसान।
  • इंस्टॉलेशन और रिपेयर: चाहे घर का AC ठीक करना हो, लिफ्ट की मरम्मत करनी हो या सोलर पैनल लगाना हो, इन कामों में हाथों की कलाकारी और मौके पर फैसला लेने की जरूरत होती है।
  • खेती-किसानी: किसान, सिंचाई तकनीशियन और क्रॉप मैनेजर का काम मिट्टी से जुड़ा है। मौसम के बदलते मिजाज और खेत की हरियाली को समझना मशीनों के बस की बात नहीं।
  • प्रोडक्शन और ऑपरेशंस: फैक्ट्री में क्वालिटी कंट्रोल और ऑपरेशंस मैनेजर का काम सिर्फ बटन दबाना नहीं, बल्कि बारीकियों को परखना है।
  • ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स: ट्रक ड्राइवर, बस ड्राइवर और डिलीवरी पार्टनर्स की जरूरत हमेशा रहेगी। सड़कों की अनिश्चितता और ट्रैफिक के बीच गाड़ी संभालना इंसानी दिमाग ही बेहतर कर सकता है।
  • ग्राउंड्स मेंटेनेंस: बागवानी (Landscaping) और गोल्फ कोर्स की देखभाल जैसे कामों में रचनात्मकता और प्रकृति की समझ चाहिए।
  • पर्सनल केयर और हेल्थ: नर्स, होम हेल्थ एड, और सोशल वर्कर, ये वो लोग हैं जो बीमारों और बुजुर्गों की सेवा करते हैं। यहां इमोशनल इंटेलिजेंस (भावनात्मक समझ) की जरूरत होती है, जो AI के पास नहीं है।
  • फूड और सर्विस: एक शेफ का स्वाद, एक बारटेंडर का अंदाज और केटरिंग स्टाफ का व्यवहार, ये चीजें मशीनें कभी कॉपी नहीं कर सकतीं।

AI क्यों नहीं ले पा रहा इनकी जगह

इन नौकरियों के सुरक्षित रहने के पीछे कुछ मुख्य कारण बताए गए हैं। सबसे बड़ा कारण यह है कि इनमें व्यावहारिक कौशल की जरूरत होती है, जिसे AI पूरी तरह कॉपी नहीं कर सकता। दूसरा कारण यह है कि कई काम अनिश्चित परिस्थितियों में होते हैं, जहां हर स्थिति अलग होती है। ऐसे में इंसान का अनुभव और समझ ज्यादा काम आता है। तीसरा कारण है भावनात्मक और सामाजिक समझ। कई पेशों में लोगों के साथ संवाद और भरोसा बनाना जरूरी होता है, जो फिलहाल AI के लिए आसान नहीं है।

इन नौकरियों पर है सबसे ज्यादा खतरा

रिपोर्ट के मुताबिक जिन नौकरियों में काम बार-बार एक जैसा होता है या ज्यादातर काम कंप्यूटर के जरिए किया जाता है, उन पर AI का असर ज्यादा पड़ सकता है। खासतौर पर डॉक्यूमेंट, डेटा और सॉफ्टवेयर पर आधारित व्हाइट-कॉलर जॉब्स AI से ज्यादा प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे काम जहां बड़ी मात्रा में जानकारी को प्रोसेस करना या रिपोर्ट तैयार करना होता है, वहां AI तेजी से इंसानों की जगह ले सकता है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमन्यूज़AI Job Risk Report: क्या AI खा जाएगा आपकी नौकरी? एंथ्रोपिक की रिपोर्ट ने खोल दी पोल, जानें कौन है सेफ
More