
एयर इंडिया समूह ने मंगलवार को घोषणा की कि वह अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर चरणबद्ध तरीके से फ्यूल सरचार्ज (ईंधन शुल्क) बढ़ाएगा। कंपनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रही भू-राजनीतिक स्थिति के कारण जेट फ्यूल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया है।
10 मार्च को जारी बयान में समूह ने कहा, “मार्च 2026 की शुरुआत से ही एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। किसी भी एयरलाइन के संचालन खर्च का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा ईंधन पर खर्च होता है। आपूर्ति में रुकावट के कारण इसकी कीमत तेजी से बढ़ी है।”
कंपनी ने आगे कहा कि भारत में यह दबाव और ज्यादा बढ़ जाता है क्योंकि दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े महानगरों में ATF पर एक्साइज ड्यूटी और वैट (VAT) काफी अधिक है। इससे एयरलाइनों की ऑपरेटिंग लागत और बढ़ जाती है और उनके आर्थिक संतुलन पर दबाव पड़ता है।
समूह के मुताबिक, नया फ्यूल सरचार्ज तीन चरणों में लागू किया जाएगा और यह सभी उड़ानों पर लागू होगा, जिनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित फ्लाइट्स भी शामिल हैं।
पहला चरण 12 मार्च को रात 12:01 बजे (IST) से की जाने वाली नई बुकिंग पर लागू होगा।
एयरलाइन ने बताया कि सिंगापुर जाने वाली उड़ानों पर अभी कोई शुल्क नहीं है, लेकिन फेज 1 से सिंगापुर से आने वाली उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा।
दूसरा चरण 18 मार्च को रात 12:01 बजे से लागू होगा। इस चरण में लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर सरचार्ज और बढ़ेगा।
तीसरे चरण में सुदूर पूर्व (फार ईस्ट) के बाजारों जैसे हांगकांग, जापान और दक्षिण कोरिया की उड़ानों पर सरचार्ज लागू किया जाएगा। इसकी विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।
एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन यात्रियों ने इन तारीखों से पहले टिकट बुक कर लिए हैं, उन पर नया सरचार्ज लागू नहीं होगा। हालांकि यदि यात्री अपनी यात्रा की तारीख या यात्रा योजना में बदलाव करते हैं, तो किराया दोबारा तय होने पर नया शुल्क लग सकता है।
एयर इंडिया ने कहा कि यह फैसला उन परिस्थितियों के कारण लिया गया है जो उसके नियंत्रण से बाहर हैं। कंपनी ने बयान में कहा, “हमें इस तरह फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने की आवश्यकता पर खेद है, लेकिन यह ऐसे कारणों की वजह से जरूरी हो गया है जो हमारे नियंत्रण में नहीं हैं। अगर यह सरचार्ज नहीं लगाया जाता, तो कुछ उड़ानों के लिए संचालन लागत निकाल पाना मुश्किल हो सकता था और उन्हें रद्द करना पड़ सकता था।”
कंपनी ने यह भी कहा कि वह समय-समय पर स्थिति की समीक्षा करेगी और जरूरत पड़ने पर फ्यूल सरचार्ज में बदलाव करेगी। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस फिलहाल अपनी किसी भी उड़ान पर फ्यूल सरचार्ज नहीं लगाती है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.