Air Pollution: इन दिनों देश के कई शहर प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। दीवाली के बाद तो दिल्ली का प्रदूषण सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहता है। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की ओर से जारी मंथली एयर क्वालिटी स्नैपशॉट रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदूषण के मामले में देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली अक्टूबर महीने में छठे पायदान पर रही। ये रैंकिंग गाजियाबाद और नोएडा जैसे पड़ोसी शहरों से भी पीछे रही है। यानी प्रदूषण के मामले में एनसीआर दिल्ली से भी टॉप पर है। हरियाणा का धारूहेड़ा अक्टूबर में देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा।
पिछले कुछ दिनों से देश की राजधानी में हवा की क्वालिटी 'बहुत खराब' कैटेगरी में बनी हुई है। दिल्ली में अक्टूबर के महीने में पीएम 2.5 की औसत मात्रा 107 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रही, जो कि सितंबर के मुकाबले तीन गुना ज़्यादा है, जब यह मात्रा 36 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर थी। इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दिल्ली में पराली जलाने का असर अक्टूबर में सिर्फ 6 फीसद से भी कम रहा।
हरियाणा का ये शहर सबसे प्रदूषित
अक्टूबर में सबसे ज़्यादा प्रदूषित शहर धारूहेड़ा रहा, वहां पीएम 2.5 की औसत मात्रा 123 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रही. जो कि महीने के 77 प्रतिशत दिनों में राष्ट्रीय मानक (NAQS) से अधिक थी। उस महीने में दो दिन हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर' और नौ दिन ‘बहुत खराब' दर्ज की गई। हरियाणा के धारूहेड़ा के बाद रोहतक, गाजियाबाद, नोएडा, बल्लभगढ़, दिल्ली, भिवाड़ी, ग्रेटर नोएडा, हापुड़ और गुरुग्राम सबसे ज़्यादा प्रदूषित शहरों की सूची में रहे। इन टॉप 10 शहरों में उत्तर प्रदेश और हरियाणा के चार-चार शहर शामिल हैं, और ये सभी के सभी NCR क्षेत्र में ही आते हैं।
ये हैं भारत के सबसे साफ शहर
अक्टूबर महीने में शिलॉन्ग (मेघालय) भारत का सबसे साफ शहर रहा जहां पीएम 2.5 का औसत स्तर सिर्फ 10 µg/m³ दर्ज हुआ। टॉप 10 क्लीन सिटीज में कर्नाटक के 4, तमिलनाडु के 3 और मेघालय, सिक्किम व छत्तीसगढ़ के 1-1 शहर शामिल रहे।