
Bomb Threat: दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास हुए धमाके के दो दिन बाद ही देश के कई एयरपोर्ट्स पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 12 नवंबर को शाम करीब 4 बजे दिल्ली फायर ब्रिगेड को फोन पर सूचना मिली कि एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर बम मिला है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत जांच की, लेकिन ये कॉल फर्जी साबित हुई।
इंडिगो एयरलाइंस के शिकायत पोर्टल पर एक ईमेल आया, जिसमें दिल्ली, चेन्नई और गोवा एयरपोर्ट्स पर बम की धमकी दी गई थी। कंपनी ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी जगह सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। न्यूज18 की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस धमकी भरे ईमेल के बाद दिल्ली, मुंबई समेत देशभर के पांच बड़े एयरपोर्ट्स को हाई अलर्ट पर रख दिया गया था।
मुंबई से वाराणसी आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में बम की धमकी मिलने के बाद विमान की वाराणसी हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हालांकि जांच के बाद यह धमकी फर्जी साबित हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विमान के टॉयलेट में एक टिशू पेपर पर 'बम... गुड बाय' लिखा मिला। पायलट को इसकी सूचना दी गई जिसके बाद पूरी सुरक्षा व्यवस्था और आपात स्थिति की तैयारियों के बीच लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
एयरलाइन ने सरकारी बॉम्ब थ्रेट असेसमेंट कमिटी को तुरंत जानकारी दी। प्रोटोकॉल के तहत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरी जांच के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान की अनुमति दी जाएगी।
10 नवंबर को लाल किले के पास हुए धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने लाल किला विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी उमर उन नबी की लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार हरियाणा से बरामद कर ली है। दिन में पहले जहां दिल्ली पुलिस ने इस गाड़ी को लेकर अलर्ट जारी किया था, वहीं अब इसका मिल जाना जांच के लिए बड़ा सुराग साबित हो सकता है।
दिल्ली पुलिस ने लाल किला धमाके के मामले में कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया है। यह केस UAPA की धारा 16 और 18, Explosives Act और भारत न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत दर्ज हुआ है। फिलहाल दिल्ली पुलिस और NIA मिलकर इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं ताकि धमाके के पीछे के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
धमाके के बाद लगातार सामने आ रही धमकी भरी कॉल्स और ईमेल्स ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर डाल दिया है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.