Ajit Pawar Death News: एनसीपी प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आज सुबह एक दुखद विमान हादसे में निधन हो गया। वह मुंबई से बारामती जा रहे थे। इस हादसे में पायलट और पवार के सुरक्षा कर्मियों समेत कुल चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई।
बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त हुआ हादसा
छोटा विमान सुबह करीब 8 बजे मुंबई से रवाना हुआ था। करीब 45 मिनट बाद लैंडिंग के दौरान बारामती एयरपोर्ट के पास यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, अजित पवार को स्थानीय निकाय चुनावों से पहले चार अहम जनसभाओं में हिस्सा लेना था।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि देते हुए अजित पवार को जमीन से जुड़ा नेता बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'श्री अजित पवार जी एक जननेता थे जिनका जमीन से मजबूत जुड़ाव था। उन्हें महाराष्ट्र के लोगों की सेवा करने में सबसे आगे रहने वाली एक मेहनती शख्सियत के तौर पर बहुत सम्मान दिया जाता था। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने का उनका जुनून भी काबिले तारीफ था। उनका असमय निधन बहुत चौंकाने वाला और दुखद है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।'
विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत
हादसे की जगह से आए वीडियो में आग और धुआं उठता दिख रहा है। विमान के टुकड़े बिखरे पड़े हैं और एंबुलेंस घायलों को पास के अस्पतालों में ले जाती नजर आ रही हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बताया कि विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।
शरद पवार के भीतजे थे अजित पवार
66 वर्षीय अजित पवार, वरिष्ठ नेता और एनसीपी संस्थापक शरद पवार के भतीजे थे। वह लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले के चचेरे भाई भी थे। शरद पवार और सुप्रिया सुले इस समय संसद के बजट सत्र के लिए दिल्ली में थे और अब वे जल्द ही पुणे रवाना होंगे।
2023 में चाचा से बगावत कर बनाई थी अलग पार्टी
साल 2023 में अजित पवार ने एनसीपी में बगावत कर पार्टी को दो गुटों में बांट दिया था। एक गुट उनके नेतृत्व में और दूसरा उनके चाचा शरद पवार के नेतृत्व में था। इसके बाद उन्होंने एनडीए सरकार में शामिल होकर उपमुख्यमंत्री पद संभाला। हाल के दिनों में एनसीपी के फिर से एक होने की चर्चाएं चल रही थीं और दोनों गुटों ने पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम चुनाव साथ मिलकर लड़ा था।