मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के दामजीपुरा गांव में एक कथित आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद हालात अचानक बिगड़ गए। पशु के साथ दुष्कर्म से जुड़े इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते तनाव ने हिंसक रूप ले लिया और बाजार बंद होने लगे। कई जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। रविवार को हुई इस घटना के बाद गांव की सामान्य रफ्तार पूरी तरह थम गई और लोग घरों में सिमट गए।
बाजार की कई दुकानें बंद
ग्रामीणों का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कुछ प्रदर्शनकारियों ने दुकानों, वाहनों और घरों को निशाना बनाया। बाजार की कई दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। एक स्थानीय महिला ने आरोप लगाया कि हालात बिगड़ने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि प्रशासन का दावा है कि सूचना मिलते ही हालात काबू में करने की कोशिश की गई। आगजनी और तोड़फोड़ के निशान अब भी कुछ इलाकों में साफ देखे जा सकते हैं।
आरोपी हिरासत में ले लिया गया
पुलिस के मुताबिक, इस मामले के आरोपी को सुबह करीब 9.30 बजे ही हिरासत में ले लिया गया था। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भड़काऊ संदेशों के कारण स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। हालात को संभालने के लिए जिले के वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे। एसपी वीरेंद्र जैन, प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन, आईजी मिथिलेश कुमार और डीआईजी प्रशांत खरे ने देर रात गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इसके अलावा एसडीओपी और चार थानों के प्रभारी अधिकारियों को भी गांव में तैनात किया गया है।
गांव में लगातार पेट्रोलिंग
एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए करीब सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। जिन लोगों के घर या दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनका सर्वे कराया जाएगा ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने साफ कहा है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया की भ्रामक बातों पर भरोसा न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।