US attacks Venezuela: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने रातों-रात वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर हमला किया। इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से सत्ता में रहे राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी के साथ हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाया गया। दोनों पर न्यूयॉर्क में मुकदमा चलाया जाएगा।
ट्रंप ने एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें मादुरो को USS Iwo Jima पर आंखों पर पट्टी बांधे दिखाया गया। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क लाया गया, जहां पहले उन्हें स्टुअर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस पर उतारा गया और फिर हेलिकॉप्टर से ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर भेजा गया।
9 महीने पहले ही कर दी थी भविष्यवाणी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक दिलचस्प बात सामने आई है। वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की भविष्यवाणी करीब नौ महीने पहले ही की जा चुकी थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पुराना पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय पॉलिटिकल एनालिस्ट अरविंद ने अप्रैल 2025 में दावा किया था कि रूस-यूक्रेन शांति समझौते के बाद वॉशिंगटन वेनेजुएला पर सख्त कदम उठाएगा।
उन्होंने पोस्ट में लिखा था, "मैं अंदाजा लगा सकता हूं कि जैसे ही रूस-यूक्रेन शांति समझौता हो जाएगा, ट्रंप वेनेजुएला पर सख्ती से कार्रवाई करेंगे। पहले पाबंदियां लगेंगी और मादुरो को हटाने की कोशिश होगी। अगर ये सब नाकाम रहा, तो किसी बहाने सीधे बमबारी और सैन्य हमला हो सकता है। अमेरिका ऐसा क्यों करेगा? इसका जवाब नीचे है। शुभरात्रि।"
तेल को बताया था असली वजह
जून 2025 में अरविंद ने अपनी बात को और साफ करते हुए कहा था कि अमेरिका की रणनीति के केंद्र में तेल है। उनके मुताबिक, वेनेजुएला पर नियंत्रण से अमेरिका वैश्विक तेल सप्लाई और कीमतों पर बड़ी पकड़ बना सकता है। उनका इशारा इस ओर भी था कि इससे रूस-चीन के समीकरण पर असर पड़ सकता है।
एनालिस्ट की प्रतिक्रिया
मादुरो के हटने के बाद अरविंद ने कहा कि जैसा उन्होंने अनुमान लगाया था, वही हुआ। उनका मानना है कि अब अमेरिका वेनेजुएला के तेल संसाधनों पर प्रभावी नियंत्रण में है, जिससे उसकी ऊर्जा ताकत और मजबूत हो गई है।
एक और पोस्ट भी हो रहा वायरल
इसी बीच सोशल मीडिया पर लोग Tom Clancy’s Jack Ryan सीरीज के क्लिप शेयर करने लगे। कई यूजर्स का कहना है कि सीरीज के एक सीन में वेनेजुएला में सत्ता पर हमले जैसा दृश्य दिखाया गया था, जो अब हकीकत से मिलता-जुलता लग रहा है। कुछ ने यहां तक कहा कि शो ने भविष्य की झलक पहले ही दिखा दी थी।
अब वेनेजुएला में सत्ता किसके हाथ?
मादुरो की गैरमौजूदगी में वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त करने का आदेश दिया। अदालत ने कहा कि यह कदम प्रशासनिक निरंतरता और देश की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।