Gaurav Gogoi: असम की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप–प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इस बार मुद्दा बना है कथित 'पाकिस्तानी कनेक्शन', जिस पर कांग्रेस ने सख्त प्रतिक्रिया दी है और मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
मुख्यमंत्री के आरोपों को बताया झूठ और बेतुका
असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के लगाए आरोपों को सिरे से नकार दिया। गोगोई ने मुख्यमंत्री के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए आरोपों को 'बेतुका और झूठा' बता कर खारिज कर दिया।
‘सी-ग्रेड सिनेमा से भी बदतर’
गोगोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मुझे दिल्ली और असम के उन पत्रकारों पर तरस आता है जिन्हें सदी की सबसे फ्लॉप प्रेस कॉन्फ्रेंस झेलनी पड़ी। यह 'सी-ग्रेड सिनेमा' से भी बदतर थी। तथाकथित चतुर मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए ये आरोप पूरी तरह से बेतुके और झूठे हैं।” सरमा ने इसी प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता के खिलाफ यह आरोप लगाए थे ।
12 हजार बीघा जमीन का मुद्दा फिर उछला
गोगोई ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की यह प्रतिक्रिया कांग्रेस की ‘परिवर्तन यात्रा’ से उपजी घबराहट का नतीजा है। उनके मुताबिक इस यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर कथित तौर पर 12,000 बीघा जमीन कब्जाने के आरोप सामने आए हैं, जिनसे ध्यान भटकाने के लिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के आरोप क्या हैं?
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि गोगोई, उनकी पत्नी एलिजाबेथ और एक पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच कथित तौर पर गहरे संबंध हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि खुफिया एजेंसियों से जुड़ी कुछ जानकारियां पड़ोसी देश तक पहुंचाई गईं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने यह आरोप भी लगाया कि गोगोई ने साल 2013 में पाकिस्तान की ‘अत्यंत गोपनीय’ यात्रा की थी और वहां किसी तरह का प्रशिक्षण लिया था।
गौरव गोगोई के इन बयानों के बाद साफ है कि असम की राजनीति में यह मुद्दा अभी और तूल पकड़ सकता है। एक तरफ मुख्यमंत्री के गंभीर आरोप हैं, तो दूसरी ओर कांग्रेस नेता का सख्त और तीखा पलटवार। आने वाले दिनों में इस बयानबाजी से सियासी तापमान और बढ़ने के आसार हैं।