Ayodhya Ram Mandir Completion: अयोध्या में मुस्लिम समुदाय ने मंगलवार को धर्म ध्वजा फहराए जाने की आखिरी रस्म के बाद राम मंदिर का निर्माण औपचारिक रूप से पूर्ण होने पर खुशी जाहिर की। पीएम मोदी द्वारा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आज राम मंदिर पर धर्म ध्वजा फहरायी गई। इसके साथ ही मंदिर निर्माण कार्य औपचारिक रूप से पूरा हो गया।
बाबरी मस्जिद के सबसे पुराने मुद्दई हाशिम अंसारी के बेटे इकबाल अंसारी ने राम मंदिर पर धर्म ध्वजा फहराये जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्हें ध्वजा फहराये जाने के कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा कि हम उच्चतम न्यायालय के फैसले का पालन करने के लिए तैयार थे।
मंदिर निर्माण औपचारिक रूप से पूरा होने पर प्रतिक्रिया देते हुए स्थानीय मौलवी लियाकत अली खान ने कहा कि हम इस मौके पर अपने हिंदू भाइयों को बधाई देते हैं। हमें उम्मीद है कि मेलजोल और शांति बनी रहेगी। और, हम यह भी उम्मीद करते हैं कि कोई झगड़ा नहीं होगा, जिससे सांप्रदायिक मेलजोल बिगड़े।
राम मंदिर घर ले गए प्रसाद
राम मंदिर के द्वार संख्या 11 के पास आरा मशीन संचालित करने वाले 42 साल के नूर आलम को भी धर्म ध्वजा फहराये जाने के कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि इस कार्यक्रम में शामिल होने पर मुझे जो एहसास हुआ उसे बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।आलम ने बताया कि वह मंदिर से 'प्रसाद' भी अपने घर लाये हैं और न सिर्फ खुद खाया बल्कि अपने बच्चों को भी खिलाया।
उन्होंने कहा कि हमारे पास अल्फाज नहीं हैं। ऐसे मौके पर हमें बुलाया गया। हम बहुत खुश हैं। इस तरह के मौके से पहले भी जुड़े थे। आगे भी जुड़े रहेंगे। यह तो बहुत अच्छा मौका था। हमने वहां शिरकत की। वहां हमें प्रसाद मिला जो मैंने खाया और अपने बच्चों को भी खिलाया।
राम मंदिर के पास ही टेंट की दुकान संचालित करने वाले शोएब खान ने कहा कि अयोध्या बढ़ रही है, संवर रही है। उनका मानना है कि जब किसी भी शहर का विकास हो रहा हो तो सबका भला होता है। इसलिये बाकियों की तरह उन्हें भी फायदा होगा। स्थानीय कारोबारी मुशर्रफ़ कमाल ने कहा कि हमें खुशी है कि मंदिर बनकर तैयार हो गया है, क्योंकि हम अपने हिंदू भाइयों की आस्था का बहुत सम्मान करते हैं और हमें उम्मीद है कि हमारी आस्था और हमारे पूजा की जगहों का भी सम्मान किया जाएगा।''