Bangladesh election Result: बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद हुए पहले आम चुनाव ने पूरे देश की राजनीति का रुख बदल दिया है। अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद यह पहला बड़ा चुनाव था और लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अब शुरुआती मतगणना के रुझान बता रहे हैं कि सियासी मुकाबले में बाजी किस तरफ झुक रही है।
299 सीटों में से ज्यादातर पर BNP आगे
देश की 299 सीटों पर गुरुवार को मतदान हुआ था। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) अपने प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन पर मजबूत बढ़त बनाए हुए है।
स्थानीय मीडिया और चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार बीएनपी अधिकतम 80 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि जमात समर्थित गठबंधन करीब 38 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को उनकी जीत पर बधाई दी है। पीएम ने X पोस्ट में लिखा, “मैं श्री तारिक रहमान को बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बीएनपी को निर्णायक जीत दिलाने पर अपनी ओर से हार्दिक बधाई देता हूं। यह जीत इस बात का संकेत है कि बांग्लादेश की जनता को आपके नेतृत्व पर भरोसा है। भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में आगे भी खड़ा रहेगा। मैं हमारे आपसी संबंधों को और मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।”
तारिक रहमान का दबदबा कायम
बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान 17 साल के निर्वासन के बाद वतन लौटे और अब चुनावी मैदान में अपनी पकड़ मजबूत करते दिख रहे हैं। खबरों के मुताबिक उन्होंने ढाका-17 और बोगरा-6 सीटों से जीत हासिल की है। उनकी जीत की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।
पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं- मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, मोहम्मद असदुज्जमान और रुमीन फरहाना भी जीत की ओर अग्रसर बताए जा रहे हैं।
अवामी लीग मैदान से बाहर
यह चुनाव इसलिए भी खास है क्योंकि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग इस बार पूरी तरह चुनावी मैदान से बाहर है। शेख हसीना, जो फिलहाल भारत में निर्वासन में हैं, ने इस चुनाव को सोची-समझी धोखाधड़ी और प्रहसन बताया है। दूसरी ओर अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने इसे लोकतंत्र की जीत करार दिया है।
कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण मतदान
13वें संसदीय चुनाव के लिए वोटिंग गुरुवार सुबह 7:30 बजे शुरू हुई और शाम 4:30 बजे तक जारी रही। देशभर के 42,659 पोलिंग स्टेशनों पर मतदान हुआ। कुल 127,298,522 मतदाता इस चुनाव में पंजीकृत थे। इनमें 64,620,077 पुरुष, 62,677,232 महिला और 1,213 थर्ड-जेंडर मतदाता शामिल हैं। शेरपुर-3 सीट पर एक प्रत्याशी की मृत्यु के बाद वहां मतदान टाल दिया गया है।
आज आएंगे नतीजे
अंतिम नतीजे आज शुक्रवार दोपहर तक साफ होने की उम्मीद है। अगर मौजूदा रुझान कायम रहते हैं, तो तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं। यह चुनाव सिर्फ सत्ता का बदलाव नहीं, बल्कि देश की राजनीतिक दिशा तय करने वाला मोड़ माना जा रहा है।