कांग्रेस सांसद आर सुधा की चैन स्नैचिंग के मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया है। यें घटना नई दिल्ली के हाई सिक्योरिटी वाले राजनयिक क्षेत्र चाणक्यपुरी स्थित पोलिश दूतावास के पास सोमवार को सुबह की सैर के दौरान लोकसभा सदस्य आर सुधा साथ घटी ,जिसकी लिखित शिकायत उन्होंने दिल्ली पुलिस के साथ होम मिनिस्टर अमित शाह से की थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि लूटी गई चेन और अपराध में इस्तेमाल किया गया स्कूटर बरामद कर लिया गया है। "आरोपी ओखला का रहने वाला है। उसे साउथ दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।" अधिकारी ने बताया कि आरोपी, स्नैचिंग के बाद मोती बाग में सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
क्या है मामला ?
तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद सुधा सोमवार को तमिलनाडु भवन के पास राज्यसभा सदस्य आर. रजती के साथ सुबह की सैर पर निकली थीं, तभी एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उनकी सोने की चेन छीन ली थी और इस दौरान उनके कपड़े भी फट गए थे। इस घटना में सांसद को मामूली चोट आई थी।
सांसद ने शिकायत में क्या कहा ?
उन्होंने बताया जब वे , राज्यसभा सदस्य आर. रजती के साथ पैदल टहलने जा रही थीं, तभी सामने से एक आरोपी, जिसने पूरे चेहरे पर हेलमेट पहना हुआ था, उनके पास आया।
उन्होंने आगे बताया, “वह धीरे-धीरे गाड़ी चला रहा था, इसलिए मुझे कुछ शक नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही वह गुज़रा, उसने अचानक ज़ोर से मेरी सोने की चेन खींच ली। मैं किसी तरह गिरने से बच गई। इस दौरान मेरी गर्दन में चोट आई है और मेरे कपड़े फट गए हैं।”
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ सांसद की चेन छीनने का मामला सुलझ गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और चेन बरामद कर ली गई है। बची हुई जानकारी समय आने पर साझा की जाएगी।’’