Bihar Gangrape news: बिहार स्थित गया में होम गार्ड की भर्ती के दौरान एक 26 साल की युवती के साथ गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। दौड़ के दौरान युवती बेहोश हो गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस बुलाई गई। पीड़िता का आरोप है कि अस्पताल ले जाते वक्त एम्बुलेंस में ही उसके साथ गैंगरेप किया गया।
कब और कैसे हुई घटना?
घटना 24 जुलाई की है, जब गया के बोधगया में बिहार मिलिट्री पुलिस ग्राउंड में होम गार्ड भर्ती की फिजिकल परीक्षा चल रही थी। उसी दौरान एक 26 साल की महिला उम्मीदवार दौड़ में बेहोश हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के लिए एक एम्बुलेंस बुलाई गई। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी।
पीड़िता का मेडिकल जांच करवाया गया और उसका बयान भी दर्ज किया गया है। पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक, युवती को एम्बुलेंस में ले जाते वक्त कुछ देर के लिए होश आया था। बाद में उसने अधिकारियों को बताया कि उसी एम्बुलेंस में 3 से 4 लोगों ने मिलकर उसके साथ रेप किया।
पुलिस को जैसे ही यह शिकायत मिली, 2 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में एम्बुलेंस ड्राइवर विनय कुमार और टेक्नीशियन अजीत कुमार का नाम शामिल है। दोनों पुलिस हिरासत में हैं और पूछताछ जारी है।
SIT टीम गठित
गया के एसएसपी ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है, जो पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने एम्बुलेंस से सबूत जुटाए हैं। इसके अलावा CCTV फुटेज से एम्बुलेंस का रूट और टाइमलाइन भी कन्फर्म हुआ है, जिससे मामले में सटीकता बढ़ी है।
सियासी हलचल भी तेज
घटना के सामने आने के बाद सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद चिराग पासवान ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राज्य पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की मांग की।