Parliament News in Hindi: उत्तर प्रदेश के मेरठ से बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की तरह ही मस्जिदों और मदरसों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य करने का प्रावधान करने की मांग की। उन्होंने लोकसभा में कहा कि सुरक्षा के लिए मंदिरों, गुरुद्वारों समेत अन्य धर्मस्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन मस्जिदों और मदरसों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जा रहे हैं। गोविल ने कहा कि इससे राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हो रहा है।
मस्जिदों और मदरसों में भी लगे सीसीटीवी कैमरे: अरुण गोविल
गोविल ने कहा, ‘मैं आपका ध्यान एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी विषय की ओर आकर्षित करना चाहता हूं। आज देशभर में मंदिर, चर्च, गुरुद्वारे, स्कूल, कॉलेजों, अस्पतालों, बाजारों और अधिकांश सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। ये कैमरे सुरक्षा, पारदर्शिता और अपराध निरोध में अत्यंत सहायक सिद्ध हुए हैं। किंतु मस्जिदों और मदरसों में अभी भी ये व्यवस्था लागू नहीं है जबकि ये भी बड़े सार्वजनिक और सामुदायिक स्थल हैं जहां सुरक्षा सुनिश्चित करना उतना ही आवश्यक है।’
सुरक्षा ना धार्मिक होती है, ना पक्षपाती होती है, सुरक्षा हमेशा राष्ट्रहित और मानवहित में होती है। सरकार एकसमान सुरक्षा मानकों को लागू करने पर विचार करे ताकि हमारा राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र और अधिक मजबूत हो सके। सुरक्षा हर नागरिक का समान अधिकार है।- अरुण गोविल, सांसद, बीजेपी
सऊदी अरब का हवाला देकर सरकार से किया कड़ा सवाल
बीजेपी सांसद ने प्रश्न किया कि जब सऊदी अरब में भी मदरसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तो भारत में ऐसा करने से हिचक क्यों? उन्होंने कहा, 'महत्वपूर्ण यह भी है कि इस्लाम धर्म के जन्मस्थान सऊदी अरब के मक्का के मदरसों में भी सुरक्षा कारणों से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यदि वहां सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था अपनाई जा सकती है तो भारत में समान सुरक्षा मानकों को लागू करने से संकोच क्यों है?'
राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में मस्जिदों-मदरसों में लगे सीसीटीवी कैमरे: सांसद
मेरठ सांसद ने कहा, 'अतः मेरा आग्रह है कि केंद्र सरकार मस्जिदों और मदरसों में भी मंदिरों, स्कूलों, चर्चों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की तरह सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य करने हेतु एकसमान राष्ट्रीय सुरक्षा नीति बनाने पर विचार करे।' उन्होंने कहा कि यह कदम किसी धर्म के विरुद्ध नहीं है, बल्कि राष्ट्र के 140 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा के हित में होगा।
राष्ट्रहित में लागू हो सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था: गोविल
गोविल ने कहा, 'क्योंकि सुरक्षा ना धार्मिक होती है, ना पक्षपाती होती है, सुरक्षा हमेशा राष्ट्रहित और मानवहित में होती है। सरकार एकसमान सुरक्षा मानकों को लागू करने पर विचार करे ताकि हमारा राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र और अधिक मजबूत हो सके। सुरक्षा हर नागरिक का समान अधिकार है।' बीजेपी सांसद ने अपने वक्तव्य का आरंभ और अंत जय श्री राम के संबोधन के साथ की।