Raghav Chadha news: दिल्ली की राजनीति में लंबे समय तक आम आदमी पार्टी का बड़ा चेहरा रहे राघव चड्ढा एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में AAP छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राघव को अब राज्यसभा में बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा में उन्हें एक महत्वपूर्ण कमिटी का कमान दिया गया है, जो उनके नए राजनीतिक सफर के लिहाज से काफी बड़ा कदम माना जा रहा है।
याचिका समिति (Committee on Petitions) के बनाए गए चेयरमैन
बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा की याचिका समिति का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने इस समिति का पुनर्गठन करते हुए इसमें राघव चड्ढा को सबसे प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी है। राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी एक आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, यह नई समिति 20 मई 2026 से प्रभावी हो गई है।
क्या होती है याचिका समिति?
राज्यसभा की याचिका समिति, संसद की एक अहम समिति मानी जाती है। इस कमेटी का काम जनता से आने वाली याचिकाओं और शिकायतों पर विचार करना होता है। यानी अगर किसी मुद्दे पर लोग संसद के जरिए अपनी बात रखना चाहते हैं, तो वह याचिका इस समिति तक पहुंच सकती है। ऐसे में इस समिति के चेयरमैन की भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
कमेटी में और कौन-कौन शामिल?
राघव चड्ढा के अलावा इस समिति में कुल 10 सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें हर्ष महाजन, गुलाम अली, शंभू शरण पटेल, मयंककुमार नायक, मस्तान राव यादव बीधा, जेबी मैथर हिशाम, सुभाषिश खुंटिया, रोंगवरा नारजरी और संतोष कुमार पी जैसे नाम शामिल हैं। राज्यसभा सचिवालय की तरफ से जारी अधिसूचना में इन सभी सदस्यों के नामों की जानकारी दी गई।
एक और अहम नियुक्ति का ऐलान
राघव चड्ढा की नियुक्ति के अलावा राज्यसभा सचिवालय की तरफ से एक और महत्वपूर्ण नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इसके मुताबिक, राज्यसभा के सभापति ने 20 मई 2026 को ही राज्यसभा सांसद डाॅ. मेनका गुरुस्वामी को एक बड़ी जिम्मेदारी के लिए नामित किया है। उन्हें 'कॉर्पोरेट कानून (संशोधन) विधेयक, 2026' (Joint Committee on the Corporate Laws Amendment Bill, 2026) की संयुक्त समिति का सदस्य बनाया गया है। यह समिति देश के कॉर्पोरेट कानूनों में होने वाले बड़े बदलावों की समीक्षा करेगी।
बीजेपी में आने के बाद बढ़ी सक्रियता
राघव चड्ढा के बीजेपी में आने के बाद से ही राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चाएं हो रही थीं कि उन्हें पार्टी और संसद में क्या भूमिका दी जाएगी। अब याचिका समिति का चेयरमैन बनाए जाने को उनके लिए एक बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।