BMC Election 2026: महाराष्ट्र में इन दिनों चुनाव प्रचार का शोर जारी है। आज (13 जनवरी 2025) शाम को यह चुनाव प्रचार थम जाएगा। राज्य में 29 महानगर पालिकाओं के चुनाव का शेड्य़ूल जारी किया जा चुका है। 15 जनवरी को बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) समेत अन्य नगर पालिकाओं के लिए चुनाव होंगे। नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे। बीएमसी में 227 वार्ड हैं जिनके लिए लगभग 1,700 उम्मीदवार चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।
इसी तरह से लातूर नगर निगम चुनाव के लिए कुल 359 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि ठाणे नगर निगम चुनाव में कुल 649 उम्मीदवार चुनाव में भाग लेंगे। बीएमसी के मौजूदा पार्षदों का कार्यकाल 7 मार्च, 2022 को खत्म हो गया था। इसके बाद से बीएमसी का कामकाज अधिकारी-प्रशासक संभाल रहे थे। ये चुनाव फरवरी 2022 में होने थे, लेकिन अलग-अलग कारणों से स्थगित होते रहे।
29 नगर पालिकाओं में 15 जनवरी को होगी वोटिंग
महाराष्ट्र जिन 29 नगर निगमों में चुनाव हो रहे हैं उनमें- मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, उल्हासनगर, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, पनवेल, नासिक, मालेगांव, अहिल्यानगर, जलगांव, धुले, पुणे, पिंपरी-चिंचवड, सोलापुर, कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली-मिराज-कुपवाड, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़-वाघाला, परभणी, जालना, लातूर, अमरावती, अकोला, नागपुर और चंद्रपुर शामिल हैं।
अजित पवार ने शरद पवार की पार्टी से किया गठबंधन
बीएमसी चुनाव के लिए बीजेपी ने 137, जबकि शिवसेना ने 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन ‘महायुति’ में शामिल एक और दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) भी बीएमसी चुनाव अलग लड़ रहा है। हालांकि, राज्य में ‘महायुति’ के अंतर्गत बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी तीनों ही गठबंधन में हैं। पुणे और अन्य कुछ नगरपालिका चुनावों में अजित पवार ने शरद पवार की पार्टी से गठबंधन किया है।
15 जनवरी को रहेगी छुट्टी
महाराष्ट्र सरकार ने ज़्यादा से ज़्यादा वोटिंग सुनिश्चित करने के लिए 15 जनवरी, 2026 को नगर निगम चुनाव वाले इलाकों में पब्लिक हॉलिडे घोषित किया है। इस दिन सरकारी दफ्तर, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे ताकि वोटर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा ले सकें।
वोटिंग के दिन BSE और NSE रहेंगे बंद
नगर पालिकाओं के चुनावों को देखते हुए बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों ने 15 जनवरी, 2026 को मार्केट के कुछ सेगमेंट के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे घोषित किया है। एक्सचेंजों ने कहा कि वे नगर निगम चुनावों के कारण इक्विटी और डेरिवेटिव सेगमेंट में ट्रेडिंग नहीं होगी।
BMC में हैं कुल 227 सीटें
2026 के BMC चुनावों में मुंबई को चलाने वाली नगर पालिका की 227 सीटें शामिल हैं, जो भारत के सबसे बड़े शहरों में से एक है। हर सीट एक वार्ड का प्रतिनिधित्व करती है जहाँ वोटर अपने कॉर्पोरेटर को चुनेंगे। बहुमत के लिए कम से कम 114 सीटों की ज़रूरत होती है। इस बार कहा जा रहा है कि महायुति और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के बीच कांटे की टक्कर है। मुंबई महानगर पालिका में 1997 से 2022 तक उद्धव ठाकरे की शिवसेना का नियंत्रण था। शिंदे की शिवसेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के बंटवारे से पहले का यह समय है।
उद्वव और राज ने मिलाया हाथ
इधर करीब 20 साल के अलगाव के बाद दोनों चचेरे भाई उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे इस बार बीएमसी चुनाव में एकसाथ नजर आए हैं। राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों ने मराठी अस्मिता को अपना मुख्य चुनावी मुद्दा बनाया है। राज ठाकरे ने अपने चाचा बाल ठाकरे से बगावत करके 9 मार्च, 2006 को अपनी अलग राजनीतिक पार्टी 'महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना' बनाई थी।