Bolivia Plane Crash: बोलिविया में नोटों से भरा प्लेन क्रैश, 15 लोगों की मौत, सड़कों पर बिखरे पैसे बटोरने लगे लोग

Bolivia Plane Crash: बोलीविया की राजधानी के पास नए छपे नोट ले जा रहा हरक्यूलिस C-130 विमान रनवे से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

Priya Shandilya
अपडेटेड28 Feb 2026, 09:53 AM IST
बोलिविया में नोटों से भरा प्लेन क्रैश, 15 लोगों की मौत
बोलिविया में नोटों से भरा प्लेन क्रैश, 15 लोगों की मौत(AP)

Bolivia Plane Crash: शुक्रवार का दिन बोलीविया के लिए दर्दनाक साबित हुआ। राजधानी के पास एक ऐसा विमान हादसा हुआ जिसने हर किसी को हिला दिया। यह कोई आम कार्गो फ्लाइट नहीं थी, बल्कि नए छपे हुए नोटों से भरा सैन्य विमान था। रनवे से फिसलने के बाद जो मंजर सामने आया, उसमें जली हुई गाड़ियां, सड़क पर बिखरे नोट और कई लाशें दिखाई दीं।

कैसे हुआ यह भयानक हादसा?

रक्षा मंत्री Marcelo Salinas के मुताबिक हरक्यूलिस C-130 विमान El Alto एयरपोर्ट पर उतरते समय रनवे से फिसल गया और पास के खेत में जा गिरा। यह इलाका राजधानी La Paz से सटा हुआ है। क्रैश के बाद विमान में आग लग गई, जिसे फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया। हादसे में हाईवे पर खड़ी या गुजर रही करीब 15 गाड़ियां भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

15 लोगों की मौत

फायर चीफ Pavel Tovar ने कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि की है, हालांकि यह साफ नहीं किया गया कि मृतक विमान में सवार थे या सड़क पर मौजूद लोग। रक्षा मंत्री सलिनास ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि तकनीकी खराबी थी या कोई और वजह।

दो क्रू मेंबर लापता

बोलीवियन एयर फोर्स के जनरल सार्जियो लोरा ने बताया कि विमान में कुल छह क्रू मेंबर थे, जिनमें से दो देर रात तक लापता थे। यह विमान पूर्वी शहर सांता क्रूज से उड़ान भरकर आया था, जहां से उसने अपना कार्गो उठाया था।

सड़कों पर बिखरे नोट और लोगों की लूटमार

इस हादसे की सबसे अजीब और दुखद बात यह थी कि क्रैश के बाद विमान में रखे नोटों के बंडल सड़कों और खेतों में बिखर गए। सोशल मीडिया पर आए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तरफ आग और मलबा है, तो दूसरी तरफ लोग सड़क पर बिखरे हुए नोट बटोरने के लिए दौड़ रहे थे। हालात को काबू में करने के लिए दंगा नियंत्रण पुलिस को मौके पर बुलाया गया ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके।

'बिन नंबर' के नोट, नहीं है कोई कानूनी वैल्यू

हालांकि, सेंट्रल बैंक के अध्यक्ष डेविड एस्पिनोजा ने बाद में साफ किया कि ये नोट अभी कानूनी रूप से चलन में नहीं थे। इनमें सीरियल नंबर भी नहीं डाले गए थे, इसलिए इनकी कोई वैधता नहीं थी। इसका सीधा मतलब यह है कि ये नोट सिर्फ कागज के टुकड़े हैं और इनका कोई कानूनी मूल्य नहीं है। बैंक ने यह तो नहीं बताया कि कुल कितने रुपये ले जाए जा रहे थे, लेकिन यह खेप बहुत बड़ी थी।

इस हादसे के बाद एल ऑल्टो एयरपोर्ट से सभी उड़ानों को फिलहाल रोक दिया गया है। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर इतना सुरक्षित माना जाने वाला हरक्यूलिस विमान रनवे से कैसे भटक गया। फिलहाल, प्राथमिकता घायलों को इलाज देने और लापता चालक दल के सदस्यों को ढूंढने की है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमन्यूज़Bolivia Plane Crash: बोलिविया में नोटों से भरा प्लेन क्रैश, 15 लोगों की मौत, सड़कों पर बिखरे पैसे बटोरने लगे लोग
More