भारत का खोया गौरव वापस लाएं, जाति और धर्म के विभाजन से दूर रहें… वायुसेना प्रमुख की युवाओं से अपील

वायुसेनाध्यक्ष ने युवाओं से राष्ट्र और समाज को योगदान देने और भेदभाव त्यागने की अपील की। उन्होंने कड़ी मेहनत, करुणा और ईमानदारी पर जोर दिया। छात्रों को अपनी जड़ों को याद रखने और एकजुट होकर देश को महान बनाने के लिए प्रेरित किया।

Naveen Kumar Pandey( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड7 Nov 2025, 12:00 PM IST
वायुसेना प्रमुख एयरमार्शल एपी सिंह।
वायुसेना प्रमुख एयरमार्शल एपी सिंह।

वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने युवाओं से भारत को अतीत की तरह एक महान देश बनाने और जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव का त्याग करने का आह्वान किया। वायुसेनाध्यक्ष कर्णावती विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह के दौरान छात्रों को संबोधित कर रहे थे।

जाति-धर्म का भेदभाव नहीं होगा, तभी देश की प्रगति होगी: वायुसेना प्रमुख

एयर चीफ मार्शल सिंह ने अपने संबोधन में कहा, 'मुझे जिम्मेदारी के पहलू पर बोलने दीजिए। हमें इस देश को महान बनाना है। हम कभी दुनिया में अग्रणी थे, लेकिन पिछली कुछ शताब्दियों में हम पिछड़ गए। अगर हमें फिर से अच्छा करना है, तो आप जैसे लोग ही महत्वपूर्ण होंगे, जो इस देश का भविष्य हैं।'

उन्होंने कहा, 'एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। कोई सामाजिक विभाजन नहीं होना चाहिए, क्योंकि जो भी हमें बांटता है वह अच्छा नहीं है। हमारी रगों में एक ही खून बहता है और हम सभी एक ही देश के हैं। जाति या धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। तभी हमारा देश प्रगति करेगा।'

यह भी पढ़ें | राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर डाक टिकट और सिक्का जारी

हमें अपना कर्तव्य निभाना होगा: एयरमार्शल एपी सिंह

एयर चीफ मार्शल सिंह ने छात्रों से कहा कि कुछ भी बनने से पहले उन्हें करुणा, ईमानदारी, निष्ठा और नि:स्वार्थता जैसे गुणों वाला अच्छा इंसान बनने का प्रयास करना होगा।

उन्होंने कहा, 'टीम के रूप में कार्य करना बहुत महत्वपूर्ण है। याद रखें कि हम सभी एक बड़ी व्यवस्था का हिस्सा हैं। हम सभी दीवार में लगी ईंटों की तरह हैं। हम सभी को अपना कर्तव्य निभाना होगा। यह राष्ट्र आपसे और मुझसे बना है। अगर हम भारत को महान बनाना चाहते हैं, तो हमें पहले खुद को बेहतर इंसान बनाना होगा।'

यह भी पढ़ें | भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में कितने पाक लड़ाकू विमान गिराए? वायुसेना प्रमुख ने बताया

राष्ट्र और समाज के लिए भी निकालें समय: एयर चीफ

वायुसेनाध्यक्ष ने लोगों से समाज को कुछ वापस देने के बारे में सोचने का आग्रह किया। 'प्रत्येक सैनिक वर्दी में नागरिक है और प्रत्येक नागरिक बिना वर्दी के सैनिक है' जैसे वाक्यांश का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ प्रयास और समय राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित किया जाना चाहिए।

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने वहां मौजूद छात्रों से कहा, 'आप जीवन में चाहे जो भी हासिल करें, जहां भी जाएं, अपनी जड़ों और अपने मूल को हमेशा याद रखें। अपने माता-पिता और शिक्षकों की शिक्षाओं को याद रखें। हमेशा विनम्र रहें और जमीन से जुड़े रहें। सफलता का कोई 'शॉर्टकट' नहीं है। आपको कड़ी मेहनत करनी होगी।' दीक्षांत समारोह के दौरान वायुसेनाध्यक्ष को 'डॉक्टर ऑफ लिटरेचर' की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़भारत का खोया गौरव वापस लाएं, जाति और धर्म के विभाजन से दूर रहें… वायुसेना प्रमुख की युवाओं से अपील
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़भारत का खोया गौरव वापस लाएं, जाति और धर्म के विभाजन से दूर रहें… वायुसेना प्रमुख की युवाओं से अपील