प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई। इस बैठक में केंद्रीय कैबिनेट ने देश के 6वें सेमीकंडक्टर यूनिट को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार ने इस सेमीकंडक्टर यूनिट के लिए HCL और फॉक्सकॉन के जॉइंट वेंचर को हरी झंडी दिखाई है। इसके तहत यूपी के जेवर में 3706 करोड़ रुपये की लागत से प्लांट स्थापित किया जाएगा। सरकार से इस फैसले से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिवाइस सस्ते होंगे।
2000 लोगों को मिलेंगी नौकरी
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस प्लांट में हर महीने 20,000 वेफर्स प्रोसेस किए जाएंगे। साथ ही लगभग 2000 लोगों को नौकरियां भी मिलेंगी। ये कदम भारत को टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
अन्य पांच यूनिट्स पर चल रहा काम
पीएम मोदी की अगुवाई में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अन्य पांच सेमीकंडक्टर यूनिट्स का काम जारी है। उसमें से एक का इस साल के आखिरी तक उद्धाटन होने की संभावना है। ये पांचों यूनिट गुजरात और असम में निर्माणाधीन हैं।
सीएम योगी ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद
छठवीं सेमीकंडक्टर यूनिट को मंजूरी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश के यमुना प्राधिकरण क्षेत्र (YEIDA) में एक सेमीकंडक्टर यूनिट की स्थापना को मंजूरी दी है - जो 'आत्मनिर्भर भारत' की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। 3,700 करोड़ रुपये के निवेश से यह यूनिट मोबाइल फोन, लैपटॉप, ऑटोमोबाइल और विभिन्न अन्य उपकरणों के लिए डिस्प्ले ड्राइवर चिप्स की मैन्युफैक्चरिंग करेगी। भारत अब सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग में ग्लोबल लीडरशिप की ओर बढ़ रहा है और यूपी हाई -इंड इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर प्रोडक्शन के केंद्र के रूप में उभर रहा है।"