Delhi Nursery Admission New Rule: दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय (DoE) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप फाउंडेशनल स्टेज की रीस्ट्रक्चरिंग और क्लास 1 में प्रवेश के लिए 6+ वर्ष की एक समान आयु लागू करने का निर्णय लिया है। यह बदलाव शैक्षणिक सत्र 2026-27 से चरणबद्ध तरीके से लागू होगा। अभिभावकों को इन परिवर्तनों के बारे में सूचित रहना चाहिए ताकि उनके बच्चों के प्रवेश पर कोई असर न पड़े।
एडमिशन एज में बदलाव को जान लीजिए
नया ढांचा और आयु मानदंड इस प्रकार हैं।
नर्सरी (बालवाटिका 1 / प्री-स्कूल 1): 3+ वर्ष से 4 वर्ष तक
लोअर केजी (बालवाटिका 2 / प्री-स्कूल 2): 4+ वर्ष से 5 वर्ष तक
अपर केजी (बालवाटिका 3 / प्री-स्कूल 3): 5+ वर्ष से 6 वर्ष तक
कक्षा 1: 6+ वर्ष से 7 वर्ष तक
जिस वर्ष बच्चे का एडमिशन होना है, उस वर्ष के 31 मार्च को ऊपर के फॉर्म्युले पर आधारित उम्र होनी चाहिए।
कब से लागू होंगे नए नियम?
नए आयु मानदंड शैक्षणिक सत्र 2026-27 से चरणबद्ध तरीके से लागू होंगे। कक्षा 1 के लिए 6+ वर्ष का एक समान आयु नियम शैक्षणिक सत्र 2028-29 से पूरी तरह से लागू होगा।
वर्तमान छात्रों पर प्रभाव
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में नर्सरी, केजी या कक्षा 1 में नामांकित मौजूदा छात्रों पर नए आयु मानदंड लागू नहीं होंगे। सभी वर्तमान में नामांकित छात्रों को मौजूदा पैटर्न के अनुसार पदोन्नत किया जाएगा।
उम्र में छूट का प्रावधान
स्कूल के प्रमुख (HoS) नर्सरी से कक्षा 1 तक प्रवेश के लिए न्यूनतम और अधिकतम आयु दोनों में एक महीने तक की छूट दे सकते हैं।
अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों से ट्रांसफर
जो छात्र किसी मान्यता प्राप्त स्कूल से पिछली कक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं और उनके पास वैध स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र (SLC) और मार्कशीट है, उन्हें अगली उच्च कक्षा में प्रवेश के लिए आयु मानदंड से छूट दी जाएगी।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महत्वपूर्ण बिंदु
नर्सरी (बालवाटिका 1) में प्रवेश 31 मार्च, 2026 को 3+ वर्ष की आयु वाले बच्चों का ही होगा।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में लोअर केजी (बालवाटिका 2) और अपर केजी (बालवाटिका 3) कक्षाएं मौजूद नहीं होंगी।
2025-26 में नर्सरी के छात्र 2026-27 में केजी में प्रमोट होंगे।
2025-26 में केजी के छात्र 2026-27 में कक्षा 1 में प्रमोट होंगे।
केजी में नए प्रवेश 31 मार्च, 2026 को 4+ वर्ष से 5 वर्ष तक की आयु वाले बच्चों के ही होंगे।
कक्षा 1 में नए प्रवेश 31 मार्च, 2026 को 5+ वर्ष से 6 वर्ष तक की आयु वाले बच्चों के ही होंगे।
लोअर केजी और अपर केजी की शुरुआत
लोअर केजी (बालवाटिका 2) शैक्षणिक सत्र 2027-28 से शुरू होगा।
अपर केजी (बालवाटिका 3) भी शैक्षणिक सत्र 2027-28 से शुरू होगा।
अभिभावकों के लिए सलाह
सभी स्कूलों के प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वे अभिभावकों को इन परिवर्तनों के बारे में स्पष्ट रूप से सूचित करें। अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने बच्चों के प्रवेश के संबंध में किसी भी भ्रम से बचने के लिए स्कूलों से जारी सर्कुलरो और नोटिसों को पढ़ें और स्कूल की तरफ से बुलाई गई मीटिंग में भाग लें।
प्राथमिक कक्षाओं की रीस्ट्रक्चरिंग का उद्देश्य दिल्ली के स्कूलों में एडमिशन एज और फाउंडेशनल स्टेज को NEP 2020 के साथ अनुरूप तय करना है। इससे सभी प्रकार के स्कूलों में प्रवेश की उम्र बराबर होगी और एक समान 5 वर्षीय फाउंडेशनल लर्निंग फ्रेमवर्क (3 साल का प्री-स्कूल + 2 साल की प्राथमिक कक्षाएं) लागू हो पाएगा।