यमुना नदी में शुरू होगी क्रूज सर्विस, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने किया ऐलान

यमुना नदी में क्रूज सेवा की शुरुआत जल्द ही होगी, जो सोनिया विहार से चलेगी। मंत्री कपिल मिश्रा ने इसे पर्यटन केंद्र के विकास से जोड़ा है।

एडिटेड बाय Naveen Kumar Pandey( विद इनपुट्स फ्रॉम वार्ता)
अपडेटेड14 Jan 2026, 08:25 PM IST
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा।

दिल्ली सरकार यमुना नदी में क्रूज सर्विस शुरू करने जा रही है। दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति, भाषा एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू होने जा रही है जिसकी शुरुआत सोनिया विहार से होगी। मिश्रा ने बुधवार को करावल नगर के सोनिया विहार स्थित एमसीडब्ल्यू सेंटर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही।

मुंबई में चल रहा है क्रूज का काम, देखने गए थे कपिल मिश्रा

मिश्रा ने बताया कि हाल ही में वह क्रूज के मुंबई में चल रहे कार्य का निरीक्षण भी करने गए थे। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही एक बड़ा पर्यटन केंद्र भी विकसित किया जाएगा जिससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। ध्यान रहे कि पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिन मुद्दों को जोर-शोर से उठाया था, उनमें एक प्रदूषित यमुना नदी की सफाई का भी था।

सीवर पर तेजी से हो रहा है काम

उन्होंने कहा कि पूरे करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में सीवर लाइन डालने का निर्णय लिया गया था, जिसके तहत सोनिया विहार में सीवर डालने का कार्य शुरू हो चुका है और अब सभापुर में भी सीवर का काम शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल लाइन, सीवर लाइन, पर्याप्त बिजली, हाईवे और मेट्रो के जरिये पूरे क्षेत्र का समग्र विकास कर लोगों का जीवन स्तर बनाने के संकल्प पर काम हो रहा है। जल्द ही मेट्रो सेवा भी शुरू होनी है।

उन्होंने कहा कि करावल नगर वार्ड में जहां पहले सीवर डाला गया था लेकिन वह चालू नहीं किया गया, वहां अब उसका सर्वे शुरू कर दिया गया है और उसे भी जल्द चालू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुश्ता को डबल करने का सर्वे चल रहा है और कंसल्टेंट की रिपोर्ट जल्द आने वाली है। रिपोर्ट आने के बाद पुश्ता को डबल करने का काम भी शीघ्र शुरू किया जाएगा और इसे इसी कार्यकाल में पूरा किया जाएगा।

अस्पतालों और स्कूलों की व्यवस्था भी हो रही है दुरुस्त

मिश्रा ने कहा कि स्कूलों और अस्पतालों की व्यवस्थाओं को सुधारने का कार्य लगातार किया जा रहा है। बुज़ुर्गों की पेंशन से जुड़े फॉर्म भरवाए गए हैं और जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर पेंशन योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में क्षेत्र में लगभग कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ।

आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार का आरोप

मिश्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान भ्रष्टाचार किया गया, बुज़ुर्गों की पेंशन रोकी गई, पानी की लाइनें डालकर उन्हें चालू नहीं किया गया और सीवर का काम कहीं भी जमीन पर शुरू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अब आम आदमी पार्टी के कई घोटाले सामने आ रहे हैं और वर्तमान सरकार उन सभी मामलों का पूरा हिसाब-किताब कर रही है।

भाजपा सरकार में जमीन पर हो रहे हैं काम: मिश्रा

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार दिल्ली में 1,100 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू करने की योजना पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 319 आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिल्लीवासियों को समर्पित किए जा चुके हैं। घर के नजदीक निःशुल्क इलाज, मेडिकल टेस्ट और दवाओं का लाभ दिल्लीवासियों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार विकास को केवल कागजों और घोषणाओं तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि हर योजना को जमीन पर उतार रही है। आने वाले समय में इन सभी कार्यों के परिणाम साफ तौर पर दिखाई देंगे और दिल्ली एक विकसित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक राजधानी के रूप में सामने आएगी।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़यमुना नदी में शुरू होगी क्रूज सर्विस, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने किया ऐलान
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़यमुना नदी में शुरू होगी क्रूज सर्विस, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने किया ऐलान