Delhi Crime News: पूर्वी दिल्ली में डेटिंग ऐप के जरिए ग्राहकों को लालच देकर बुलाने और फिर उनसे अधिक पैसे वसूलने के आरोप में पुलिस ने एक रेस्टोरेंट मालिक के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की हैं। एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई कई पीड़ितों से शिकायत मिलने के बाद की गई है। अधिकारी ने बताया कि पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार इलाके में एक मॉल स्थित कैफे में खाने-पीने की चीजों के अधिक बिल बनाने के संबंध में कई शिकायतें मिली थीं।
उन्होंने बताया कि कैफे मालिक के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गईं। कैफे को बंद कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह मामला 'डेटिंग साजिश' से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि इसमें महिलाओं को लोकप्रिय डेटिंग ऐप के जरिए पुरुषों को निशाना बनाने के लिए मोहरे के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। सूत्रों ने बताया कि महिलाएं ऑनलाइन बातचीत शुरू करती थीं और पुरुषों को कैफे में मिलने के लिए राजी कर लेती थीं।
रेस्टोरेंट में पुरुषों से होती थी वसूली
इस पूरे मामले की जांच से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि कैफे में मुलाकात के दौरान पीड़ितों को अत्यधिक कीमत पर भोजन और पेय पदार्थ परोसे जाते थे। कई मामलों में, बिल असामान्य रूप से अधिक होते थे, जो व्यंजन-सूची (मेन्यू) में दी गई कीमतों या ग्राहकों की अपेक्षा से कहीं अधिक थे। सूत्रों के मुताबिक, जब कुछ पीड़ितों ने अधिक कीमत पर आपत्ति जताई या बड़ी रकम चुकाने में असमर्थता व्यक्त की, तो उन्हें कथित तौर पर धमकाया गया। इनके मुताबिक, यहां तक कि कुछ मामलों में पुरुषों के साथ कैफे के अंदर या उसके आसपास मारपीट भी की गई।
पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
पुलिस ने बताया कि काम करने का तरीका सुनियोजित प्रतीत होता है, जिसमें कैफे इस तरह की मुलाकातों के लिए एक तय स्थान के रूप में काम करता था। पुलिस कॉल रिकॉर्ड, डेटिंग ऐप्लिकेशन चैट और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। एक अधिकारी ने बताया कि खाने-पीने की चीजों के लिए अधिक कीमत वसूलने की शिकायतें मिली थीं। कुछ शिकायतकर्ताओं ने मामले को स्वयं ही सुलझा लिया, जबकि बाद में लिखित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसके बाद कैफे मालिक के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गईं और कैफे को बंद करा दिया गया।
पुलिस की जनता से अपील
पुलिस ने जनता से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अजनबियों से मिलते समय सावधान रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करें। यह मामला डेटिंग ऐप्स के जरिए होने वाले घोटालों के बढ़ते खतरे को दिखाता है, जहां नौजवानों को निशाना बनाया जा रहा है। जांच जारी है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।