Delhi BS 6 Vehicle: दिल्ली की जहरीली हवा खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली के 40 में से 27 निगरानी केंद्रों पर हवा ‘सीवियर’ कैटेगरी में दर्ज की गई। इस बीच प्रदूषण को कम करने के लिए दिल्ली सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली सरकार ने नए प्रतिबंध लगाए हैं। दिल्ली सरकार ने ऐलान किया है कि 18 दिसंबर से दिल्ली में बाहर से आने वाली सिर्फ़ BS-6 कम्प्लायंट गाड़ियों को ही शहर में आने की इजाजत दी जाएगी।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंगलवार को कहा कि गुरुवार से बिना वैलिड PUCC वाले गाड़ी मालिकों को पेट्रोल पंप पर फ्यूल नहीं मिलेगा। वहीं सरकार ने ये भी कहा गया है कि पाबंदी लगाए जाने की वजह से कंस्ट्रक्शन का सामान ले जाने वाले ट्रकों पर भारी जुर्माना लगेगा। गाड़ियों को ज़ब्त कर लिया जाएगा। सिरसा ने आगे कहा कि नए नियम का पालन करने के लिए गाड़ियों को एक दिन का समय दिया जाएगा। कल (17 दिसंबर 2025) के बाद, जिन गाड़ियों के पास वैलिड PUC सर्टिफिकेट नहीं होगा, उन्हें फ्यूल नहीं दिया जाएगा।
मैं दिल्ली के लोगों से माफी मांगता हूं- सिरसा
मंत्री सिरसा ने कहा, “मैं दिल्ली के लोगों से माफी मांगता हूं। मैं इतना कहना चाहता हूं कि 9-10 महीनों में कोई सरकार आपको पूरा का पूरा पॉल्यूशन को साफ कर सके, ऐसा असंभव है। लेकिन दिल्लीवासियों मैं आपको बताना चाहता हूं कि आम आदमी पार्टी की सरकार से हमने बेहतर करके हर दिन का AQI कम किया है। इसी तरह अगर कम करते जाएंगे तो ही दिल्ली की साफ हवा देना संभव हो पाएगा।”
प्रदूषण फैलाने वालों पर 9 करोड़ का जुर्माना
सिरसा ने कहा कि प्रदूषण फैलाने वालों पर 9 करोड़ 21 लाख रुपया जुर्माना DPCC के जरिए लगाया गया है। सभी डिपार्टमेंट सही से काम कर रहे हैं। हमने दिल्ली में गार्ड्स को 10 हजार इलेक्ट्रिक हीटर दिए हैं ताकि वो लकड़ी न जलाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में डीजल जेनेरेटर्स पर भी सख्त कार्रवाई की गई है। अगर किसी बैंक्वेट हॉल को गलत पाया जाएगा तो उन्हें सील किया जाएगा।