Delhi Airport: परिवार के साथ हवाई सफर करना अक्सर थोड़ा चुनौती भरा हो जाता है- बच्चे, बुजुर्ग, सामान और लंबी कतारें। इसी परेशानी को समझते हुए दिल्ली हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए एक खास पहल शुरू की है। अब परिवार के साथ यात्रा करने वालों को दिल्ली एयरपोर्ट पर ज्यादा सुविधा और कम तनाव का अनुभव मिलेगा।
दिल्ली एयरपोर्ट पर फैमिली ट्रैवलर्स के लिए नई पहल
दिल्ली हवाई अड्डे की ऑपरेटर कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने ‘Family@DEL’ नाम से यह नई पहल शुरू की है। इसके तहत तीनों टर्मिनलों पर परिवारों के लिए अलग और समर्पित एंट्री गेट बनाए गए हैं, ताकि बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर करने वालों को भीड़ से जूझना न पड़े।
चेक-इन से सिक्योरिटी तक मिलेगी प्राथमिकता
इस पहल के तहत परिवारों के लिए स्पेशल चेक-इन काउंटर और सिक्योरिटी जांच के दौरान प्रायोरिटी लेन की सुविधा दी गई है। इसके अलावा फूड कोर्ट में भी परिवारों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था की गई है, जिससे सफर से पहले थोड़ा आराम मिल सके।
बुजुर्गों और जरूरतमंदों के लिए बग्गी सुविधा
जो यात्री चलने-फिरने में असहज हैं या जिन्हें अतिरिक्त मदद की जरूरत है, उनके लिए बग्गी सर्विस भी उपलब्ध कराई गई है। इससे यात्री सीधे अपने बोर्डिंग गेट तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
मिलेगी ये खास सुविधाएं
परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों, जिनमें छोटे बच्चे वाले, बुजुर्ग या जिनकी चलने-फिरने की क्षमता सीमित है (PRMs), उनके लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर कई सुविधाएं होंगी। इनमें मुफ्त बेबी स्ट्रॉलर, प्राइवेट बेबी केयर रूम, PRM-फ्रेंडली वॉशरूम और खास ट्रेनिंग पाए हुए फैमिली असिस्टेंस बडीज शामिल हैं, जो पूरे सफर के दौरान परिवारों को गाइड और सपोर्ट करेंगे। एयरपोर्ट प्रवक्ता ने बताया कि परिवार का मतलब उन यात्रियों से है जो बच्चों या बुजुर्गों के साथ यात्रा कर रहे हैं।
क्या कोई एक्स्ट्रा चार्ज लगेंगे?
टर्मिनल 1, 2 और 3 पर बने खास एंट्री गेट्स पर परिवारों को गाइड करने के लिए स्टाफ मौजूद रहेगा। प्रवक्ता ने बताया कि इस सुविधा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क या पहले से रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी।
क्या बोले DIAL के CEO
DIAL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि यह पहल एयरपोर्ट को ज्यादा समावेशी और यात्रियों के अनुकूल बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उनका कहना है कि परिवारों के लिए सुविधाजनक और सहज अनुभव देना एयरपोर्ट की प्राथमिकता है।