Delhi AQI: दिल्ली में रहने वालों के लिए रविवार की सुबह राहत लेकर नहीं आई। ठंड और कोहरे के बीच दिल्ली की हवा ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी। सुबह उठते ही एयर क्वालिटी बेहद खराब हालात में दर्ज की गई, जिससे सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन जैसी शिकायतें सामने आने लगीं।
AQI 377, हालात बेहद खराब
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, रविवार सुबह दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 377 दर्ज किया गया, जो ‘अत्यंत खराब’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, राजधानी के 40 निगरानी केंद्रों में से 16 जगहों पर हवा ‘गंभीर’ स्तर पर रही, जबकि बाकी इलाकों में ‘बहुत खराब’ AQI रिकॉर्ड किया गया।
कितना खतरनाक है 377 का आंकड़ा
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0–50 AQI को अच्छा, 51–100 संतोषजनक, 101–200 मध्यम, 201–300 खराब, 301–400 बहुत खराब और 401–500 को गंभीर माना जाता है। इस लिहाज से 377 का आंकड़ा साफ बताता है कि दिल्ली की हवा सेहत के लिए बिल्कुल ठीक नहीं है।
कोहरे ने बढ़ाई मुश्किल
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पालम इलाके में शनिवार रात 10 बजे से रविवार दोपहर 12:30 बजे तक मध्यम कोहरे की वजह से दृश्यता घटकर 300 मीटर तक पहुंच गई। हल्का कोहरा छंटने पर दृश्यता 600 मीटर हुई, लेकिन पूर्व-दक्षिणपूर्वी दिशा से 7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण यह फिर घटकर 350 मीटर रह गई। सफदरजंग में देर रात 1:30 से 2:30 बजे के बीच दृश्यता और भी कम होकर 200 मीटर तक गिर गई। सुबह साढ़े पांच बजे के बाद इसमें धीरे-धीरे सुधार हुआ और दृश्यता 500 मीटर तक पहुंची।
न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम 5:30 बजे तक आर्द्रता 100 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे ठंड और कोहरा दोनों ज्यादा महसूस हुए।
सोमवार को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार को भी मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।