Lakhpati Bitiya Yojana: बंद होगी लाडली योजना! दिल्ली की बेटियों के लिए अप्रैल से शुरू होगी 'लखपति बिटिया योजना'

Lakhpati Bitiya Yojana: दिल्ली सरकार अप्रैल से लाडली योजना की जगह ‘लखपति बिटिया योजना’ शुरू करेगी। इसके तहत बेटियों को चरणबद्ध तरीके से वित्तीय सहायता दी जाएगी, जो निवेश के जरिए बढ़ेगी। सरकार का कहना है कि इससे बेटियों की शिक्षा और भविष्य को मजबूत सहारा मिलेगा।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
पब्लिश्ड11 Feb 2026, 07:33 AM IST
सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, दिल्ली की बेटियों के लिए अप्रैल से शुरू होगी नई योजना
सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, दिल्ली की बेटियों के लिए अप्रैल से शुरू होगी नई योजना(HT)

Lakhpati Bitiya Yojana: दिल्ली सरकार ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि अप्रैल से ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ शुरू होगी। यह योजना 2008 की ‘लाडली योजना’ का उन्नत रूप होगी और पुरानी योजना को बंद कर दिया जाएगा।

अप्रैल से शुरू होगी नई योजना

मंगलवार को प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 अप्रैल से नई योजना लागू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2008 में शुरू की गई मौजूदा 'दिल्ली लाडली योजना' का उन्नत संस्करण होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, "हम एक अप्रैल को उन्नत योजना शुरू करेंगे और पुरानी लाडली योजना को बंद कर देंगे।"

कितनी मिलेगी आर्थिक मदद

लखपति बिटिया योजना के तहत सरकार हर लाभार्थी को अधिकतम 56,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता देगी। यह रकम एक साथ नहीं, बल्कि शिक्षा और उम्र से जुड़े अलग-अलग चरणों में किस्तों के रूप में दी जाएगी। सहायता की शुरुआत जन्म से होगी और ग्रेजुएशन या डिप्लोमा स्तर की पढ़ाई तक जारी रहेगी।

निवेश से बढ़ेगी रकम

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पैसा एक संरचित वित्तीय साधन के जरिए निवेश किया जाएगा, जिससे समय के साथ इसकी वैल्यू बढ़ती रहे। जब योजना परिपक्व होगी, तो पूरी राशि सीधे लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार जल्द ही इसका अलग डिजिटल पोर्टल विकसित करेगी, ताकि आवेदन और जानकारी की प्रक्रिया सरल हो सके।

सरकार पर कितना आएगा खर्च

इस उन्नत योजना को लागू करने में सरकार को करीब 160 करोड़ रुपये की लागत आएगी। योजना का लाभ प्रति परिवार अधिकतम दो लड़कियों तक सीमित रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, "जब हम सत्ता में आए, तो हमें पता चला कि इस योजना के लिए धनराशि बैंकों में...अप्रयुक्त पड़ी हुई है।"

उन्होंने कहा, "यह हमारी लड़कियों के भविष्य और इस देश के भविष्य में एक निवेश है। धन की कमी के कारण कोई भी लड़की शिक्षा नहीं छोड़ेगी।"

पुरानी योजना में क्या दिक्कत आई

मुख्यमंत्री ने बताया कि सत्ता संभालने के बाद पता चला कि लाडली योजना के तहत बड़ी रकम बैंकों में बिना इस्तेमाल के पड़ी थी। करीब 1.86 लाख परिपक्व खाते बिना दावे के थे, यानी बेटियों के लिए तय पैसा समय पर उन तक नहीं पहुंच पाया। सरकार ने अब करीब 41,000 ऐसी लाभार्थी लड़कियों की पहचान की है, जिन्हें लगभग 100 करोड़ रुपये देने की योजना है।

कौन ले सकता है योजना का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडली योजना को अब "लखपति बिटिया योजना" के नाम से जाना जाएगा, ताकि यह पता चल सके कि यह दीर्घकालिक प्रभाव के उद्देश्य से तैयार किया गया एक मजबूत संस्करण है।

यह योजना दिल्ली में जन्मी उन लड़कियों पर लागू होगी जिनके परिवार कम से कम तीन वर्षों से शहर में रह रहे हों और जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक न हो।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़Lakhpati Bitiya Yojana: बंद होगी लाडली योजना! दिल्ली की बेटियों के लिए अप्रैल से शुरू होगी 'लखपति बिटिया योजना'
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़Lakhpati Bitiya Yojana: बंद होगी लाडली योजना! दिल्ली की बेटियों के लिए अप्रैल से शुरू होगी 'लखपति बिटिया योजना'