
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को डबल डेकर पर्यटन बस सेवा 'देखो मेरी दिल्ली' को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ रफी मार्ग से प्रधानमंत्री संग्रहालय तक एक इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस में यात्रा भी की।
दिल्ली सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह सेवा शुरू की है। पर्यटन विभाग मध्य दिल्ली के प्रमुख स्थलों को जोड़ने वाले एक निश्चित मार्ग पर बस सेवा का संचालन करेगा। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, ‘दिल्ली अपनी ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ भारत मंडपम, यशोभूमि, नया संसद भवन, सेंट्रल विस्टा और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे आधुनिक प्रतिष्ठानों के कारण वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रही है। यह बस सेवा पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का समग्र अनुभव प्रदान करेगी।’
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था से सुसज्जित यह 63 सीटर बस पर्यटकों को आरामदायक और यादगार यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी और यह कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस नई सेवा के माध्यम से देश-विदेश के पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का अनुभव प्राप्त होगा।
बयान के मुताबिक, हिंदुजा समूह के सहयोग से शुरू की गई यह सेवा मध्य दिल्ली के प्रमुख स्थलों को कवर करते हुए एक निश्चित मार्ग पर संचालित होगी। इसमें यह भी बताया गया है कि मार्ग में दिल्ली हाट, आईएनए, विजय चौक, राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, राष्ट्रीय संग्रहालय, राष्ट्रीय आधुनिक कला गैलरी, प्रधानमंत्री संग्रहालय, राष्ट्रीय समर स्मारक और इंडिया गेट आदि शामिल होंगे। वयस्कों के लिए किराया 500 रुपये और पांच से 10 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए किराया 300 रुपये निर्धारित किया गया है।
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस की शुरुआत दिल्ली को वैश्विक पर्यटन नक्शे पर मजबूती से स्थापित करने की ओर एक कदम है। पर्यटन मंत्री ने कहा, 'दिल्ली दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में है जहां 1,200 से अधिक स्मारक मौजूद हैं। यहां प्राचीन सभ्यता से लेकर ब्रिटिश कालीन विरासत और आधुनिक विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे तक का अद्वितीय अनुभव एक साथ मिलता है।' उन्होंने कहा कि इसी दृष्टि के साथ दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव जैसे वैश्विक आयोजनों की भी योजना बनाई जा रही है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
MoreOops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.