Delhi Jal Board: अगर आपके मोबाइल पर दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के नाम पर कोई ऐसा मैसेज आया है जिसमें कनेक्शन काटने की धमकी दी गई है या तुरंत भुगतान करने को कहा गया है, तो जरा रुक जाइए। यह एक बड़ा साइबर फ्रॉड हो सकता है। दिल्ली में पिछले कुछ महीनों से पानी के बिल के नाम पर लोगों के बैंक अकाउंट खाली किए जा रहे थे। इस गंभीर खतरे को देखते हुए दिल्ली जल बोर्ड ने अब एक बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने अपनी वेबसाइट को अपडेट कर दिया है।
पहले क्या था लूपहोल?
दरअसल, पहले DJB की वेबसाइट पर सुरक्षा की थोड़ी कमी थी। कोई भी अनजान व्यक्ति सिर्फ 10 अंकों का KNO (Key Number Order) डालकर किसी भी दूसरे नागरिक की पूरी जानकारी निकाल सकता था। इसमें ग्राहक का नाम, घर का पता, मोबाइल नंबर और बिल की पूरी जानकारी शामिल होती थी। साइबर अपराधी इसी बात का फायदा उठाते थे। वे वेबसाइट से डेटा चुराते और फिर असली DJB अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते थे। चूंकि उनके पास आपकी सारी सही जानकारी होती थी, इसलिए लोग आसानी से मान लेते थे कि फोन विभाग से ही आया है।
DJB पोर्टल में क्या बदला?
दिल्ली जल बोर्ड के प्रवक्ता ने साफ किया है कि अब पोर्टल तक पहुंच को 'लिमिटेड' कर दिया गया है। अब अगर आपको अपनी डिटेल देखनी है, तो प्रक्रिया पहले जैसी आसान लेकिन सुरक्षित होगी:
- अब केवल रजिस्टर्ड यूजर्स ही लॉग-इन कर पाएंगे
- OTP के बिना एक्सेस नहीं मिलेगा
- लॉग-इन करने के बाद भी सिर्फ अपनी ही जानकारी देख पाएंगे
- दूसरों की डिटेल पूरी तरह ब्लॉक कर दी गई है
इस बदलाव से करीब 29 लाख पानी कनेक्शन धारकों को सीधा फायदा मिलेगा।
क्यों पड़ी इस सख्त बदलाव की जरूरत?
इस बदलाव के पीछे एक बड़ी वजह जून 2025 में हुआ साइबर घोटाला है। दिल्ली पुलिस ने खुलासा किया था कि शहर में होने वाले कुल साइबर अपराधों में से करीब 20% मामले अकेले दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर हो रही ठगी से जुड़े थे। ठग लोगों को फोन करके कनेक्शन काटने की धमकी देते थे और फिर किसी फर्जी ऐप के जरिए उनके बैंक खाते साफ कर देते थे। हालांकि, पुलिस अभी भी इन गिरोहों के मास्टरमाइंड को पकड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन पोर्टल के सुरक्षित होने से इन वारदातों पर लगभग लगाम लग गई है।
DJB के नाम पर ठगी से रहें सावधान
दिल्ली जल बोर्ड ने खुद भी लोगों को अलर्ट किया है कि किसी भी फर्जी कॉल, SMS या व्हाट्सऐप मैसेज से सावधान रहें। अगर कोई आपसे तुरंत भुगतान करने को कहता है या कनेक्शन काटने की धमकी देता है, तो बिना जांचे भरोसा न करें। कभी भी अपनी बैंकिंग या पर्सनल जानकारी किसी के साथ शेयर न करें।
जरूरत पड़े तो यहां करें संपर्क
अगर आपको कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज आता है, तो आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
- साइबर क्राइम हेल्पलाइन: 1930
- वेबसाइट: www.cybercrime.gov.in
- DJB हेल्पलाइन: 1916
आप चाहें तो DJB की आधिकारिक वेबसाइट या अपने नजदीकी ZRO ऑफिस में भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।