LPG Crisis: दिल्ली में LPG को लेकर बढ़ी चिंता! सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, जानें कहां करें शिकायत

LPG Crisis: दिल्ली में गैस को लेकर लोगों के बीच चिंता बनी हुई है, लेकिन सरकार ने स्थिति साफ कर दी है। सप्लाई सामान्य है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों से दूर रहें और घबराहट में कोई कदम न उठाएं।

Priya Shandilya
अपडेटेड5 Apr 2026, 08:01 AM IST
दिल्ली सरकार ने एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए। (सांकेतिक तस्वीर)
दिल्ली सरकार ने एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए। (सांकेतिक तस्वीर)(ANI)

Delhi LPG Crisis: ईरान-अमेरिका तनाव के कारण देशभर में एलपीजी की शॉर्टेज की खबरें लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं और राजधानी दिल्ली में भी हालात कुछ कम नहीं हैं। ग्लोबल मार्केट में मची इस उथल-पुथल ने आम आदमी के मन में डर पैदा कर दिया है कि कहीं आने वाले दिनों में चूल्हा जलाना मुश्किल न हो जाए। इसी पैनिक और अफवाहों के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है और लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।

दिल्ली में पर्याप्त है एलपीजी स्टॉक

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में घरेलू या वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने दिल्लीवासियों से आग्रह किया कि वे घबराएं नहीं। मुख्यमंत्री ने लोगों से गैस स्टेशन और एलपीजी केंद्रों पर भीड़ न लगाने का भी आग्रह किया।

सीएम ने सख्त हिदायत दी है कि लोग एलपीजी गोदामों के चक्कर न काटें। प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात काम कर रहा है कि हर घर तक गैस की सप्लाई बिना किसी रुकावट के पहुंचती रहे। उन्होंने चेतावनी भी दी कि जो लोग नियम तोड़ेंगे या अफरा-तफरी मचाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डिमांड से ज्यादा हुई डिलीवरी! क्या कहते हैं आंकड़े?

मुख्यमंत्री ने नवीनतम सरकारी आंकड़े साझा करते हुए बताया कि दिल्ली में हालात पूरी तरह काबू में हैं।

  • 3 अप्रैल: इस दिन दिल्ली में 1,11,504 से अधिक बुकिंग दर्ज की गईं।
  • रिकॉर्ड डिलीवरी: तीन मुख्य तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने कुल 1,26,379 सिलेंडर वितरित किए।

इसका मतलब है कि जितनी बुकिंग हुई, उससे कहीं ज्यादा सप्लाई की गई ताकि पुरानी पेंडिंग डिलीवरी का भी निपटारा हो सके। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में सिलेंडर की औसत होम डिलीवरी का समय घटकर महज 4 दिन रह गया है।

22 जगहों पर छापेमारी

किल्लत की खबरों के बीच कुछ लोग आपदा में अवसर तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। सरकार ने ऐसे गिरोहों का भंडाफोड़ करने के लिए दिल्ली भर में 22 स्थानों पर छापेमारी की है। उत्तरी रोहिणी थाने में एक एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है, जहां अवैध रूप से छिपाकर रखे गए 6 सिलेंडर बरामद किए गए हैं। कालाबाजारी और जमाखोरी पर लगाम कसने के लिए सरकार ने एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो 24 घंटे निगरानी कर रहा है।

शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर (Helpline Numbers)

दिल्ली सीएमओ ऑफिस ने X पर एक पोस्ट जारी कर हेल्पलाइन नंबर भी शेयर किए हैं। तो अगर आपको सिलेंडर मिलने में कोई दिक्कत आ रही है या आप किसी को अवैध तरीके से गैस बेचते या छिपाते देखते हैं, तो आप इन नंबरों पर तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं:

  • 011-23379836
  • 8383824659

कुल मिलाकर सरकार का साफ संदेश है, दिल्ली में एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। ऐसे में बेहतर यही है कि लोग अफवाहों से दूर रहें और सामान्य तरीके से गैस बुकिंग और इस्तेमाल करते रहें।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमन्यूज़LPG Crisis: दिल्ली में LPG को लेकर बढ़ी चिंता! सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, जानें कहां करें शिकायत
More