Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई इलाकों में तेजी से मौसम ने करवट ली है। बीते कल यानी शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि हुई। मौसम के इस यू टर्न ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया है। कुछ दिन पहले ठंड धीरे-धीरे कम होने लगी थी और लोगों को तपिश का अहसास होने लगा था। लेकिन अब एक बार फिर लोग ठिठुरते नजर आ रहे हैं।
आज कैसा रहेगा मौसम?
भारतीय मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, आज 24 जनवरी, 2026 से मौसम में काफी सुधार होने की संभावना है। वहीं, बीते कल यानी 23 जनवरी को निम्न दबाव क्षेत्र के कारण, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से मध्यम व्यापक वर्षा/हिमपात और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई थी। उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में भी 23 जनवरी, 2026 को हल्की से मध्यम व्यापक वर्षा होने की संभावना थी। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाएं भी चलीं।
तापमान में भारी गिरावट
मौसम विभाग ने आगे कहा, एक अन्य तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के 26 से 28 जनवरी, 2026 के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है, जिससे 27 जनवरी, 2026 को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी वर्षा/बर्फबारी की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत (दिल्ली सहित) के मैदानी क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3–5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों का मौसम का हाल
बता दें कि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण दो नेशनल हाईवे सहित कुल 565 सड़कों को बंद कर दिया गया है। वहीं, लगभग 4,800 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। इससे कई किसानों ने राहत की सांस ली और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लंबी छुट्टियों की तैयारी कर रहे पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जम्मू और कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में ताजा हिमपात के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद करना पड़ा, कुछ समय के लिए त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा भी स्थगित करनी पड़ी और कश्मीर में 20 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। मौसम विभाग ने 24 और 25 जनवरी को राज्य के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी जारी रहने का अनुमान जताया है।
प्रदूषण से मिलेगी राहत
जानकारों का कहना है कि जोरदार बारिश और तेज सर्द हवाओं से दिल्ली-एनसीआर वालों को प्रदूषण से बड़ी राहत मिलेगी। दरअसल, बारिश और तेज हावाओं में हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कण साफ हो जाएंगे, जिससे हवा की गुणवक्ता में सुधार होगा। हाालंकि, सुबह और रात के समय पारा में गिरावट आएगी।