दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आज आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक विस्तृत पत्र लिखकर राजधानी में बिगड़ती वायु गुणवत्ता के लिए उनकी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। 15 पन्नों के इस पत्र में एलजी ने केजरीवाल सरकार पर 11 वर्षों की उपेक्षा और आपराधिक निष्क्रियता का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता वर्षों से प्रदूषण की मार झेल रही है, लेकिन तत्कालीन सरकार ने ठोस और दीर्घकालिक समाधान की दिशा में कभी गंभीर प्रयास नहीं किए।
हार से सबक नहीं, राजनीति जारी
उपराज्यपाल ने पत्र में यह भी कहा कि विधानसभा चुनावों में करारी हार के बावजूद अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी ने नतीजों से कोई सबक नहीं लिया। एलजी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी अब भी दिल्ली से जुड़े अहम मुद्दों पर तुच्छ राजनीति और भ्रम फैलाने में लगी हुई है। सक्सेना ने आरोप लगाया कि 10 महीने पुरानी भाजपा सरकार, जो पूर्व की गलतियों को सुधारने का प्रयास कर रही है, उसके सामने जानबूझकर अनावश्यक जटिलताएं खड़ी की जा रही हैं, ताकि राजनीतिक लाभ लिया जा सके।
धूल प्रदूषण पर कार्रवाई न करने का आरोप
एलजी सक्सेना ने अपने पत्र में खास तौर पर धूल प्रदूषण का जिक्र करते हुए कहा कि यही दिल्ली में वायु प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण है, लेकिन केजरीवाल सरकार ने इस दिशा में कभी प्रभावी कदम नहीं उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार ने अपनी नाकामियों के लिए हमेशा पंजाब की तत्कालीन सरकार और केंद्र सरकार को दोषी ठहराया। एलजी ने कहा कि राजधानी की मौजूदा प्रदूषण स्थिति सीधे तौर पर बीते 11 वर्षों की नीतिगत विफलता का नतीजा है।