
Delhi Public Holiday: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने 25 नवंबर 2025 को श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का ऐलान किया है। राज्य की सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया (X) पर जानकारी देते हुए लिखा कि यह निर्णय गुरु साहिब की अमर शिक्षाओं, साहस, करुणा और धार्मिक स्वतंत्रता के सम्मान में लिया गया है। उन्होंने लिखा कि गुरु तेग बहादुर का संदेश समाज को आगे बढ़ने और एकता के मार्ग पर चलने की निरंतर प्रेरणा देता है।
इसके साथ ही, गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस को सम्मान देने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने भी 25 नवंबर 2025 (मंगलवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह छुट्टी प्रशासन के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों, संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों में लागू होगी। यह दिन हर साल बड़ी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाता है, क्योंकि नौवें सिख गुरु की शहादत ने इतिहास में धार्मिक स्वतंत्रता की मिसाल कायम की थी। देशभर में गुरुद्वारों में श्रद्धांजलि सभाएं होती हैं। नगर कीर्तन निकाले जाते हैं और लोग सामुदायिक कार्यक्रमों में शामिल होकर गुरु जी के बलिदान को याद करते हैं।
अपने एक और एक्स पोस्ट में उन्होंने कहा, "श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के इस पावन अवसर पर दिल्ली उनके अमर संदेश को एक बार फिर समय के शिखर पर प्रतिष्ठित करने के लिए पूर्णतः तैयार है। लाल किले पर आयोजित यह भव्य तीन दिवसीय समागम इतिहास का स्मरण है और हमारी राष्ट्रीय चेतना और मानवीय मूल्यों के प्रति अटूट संकल्प का भी प्रतीक है।" सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा, “आइए, हम सब मिलकर गुरु साहिब को नमन करें जिन्होंने सम्पूर्ण मानवता को यह सिखाया कि सत्य की रक्षा ही सबसे बड़ा साहस है। इस आध्यात्मिक यात्रा में सहभागी बनने के लिए 23, 24 और 25 नवंबर को ऐतिहासिक लाल किले पर आप सभी आमंत्रित हैं।”
शहीदी दिवस पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड जैसे राज्यों में बड़े सम्मान के साथ मनाया जाता है। परंपरा के तौर पर अधिकतर राज्यों में 24 नवंबर को अवकाश रहता है। हालांकि, 2025 के कैलेंडर के लिए कुछ बदलाव देखने को मिले हैं। कुछ जगहों पर छुट्टी की तारीख को लेकर सरकारी आदेश आने शुरू हो गए हैं जबकि कुछ राज्यों में अभी भी औपचारिक अधिसूचना का इंतजार है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.