दिल्ली के हौज काजी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बेटे पर अपनी ही मां पर मारपीट और यौन शोषण का आरोप लगा है। यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता अपनी बेटी के साथ पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हज से लौटते ही बढ़ा विवाद
शिकायत के अनुसार, महिला 25 जुलाई को अपने 72 साल के पति और बेटी के साथ सऊदी अरब तीर्थयात्रा (हज) पर गई थी। इसी दौरान बेटे ने अपने पिता को फोन करके मां पर ‘चरित्रहीन’ होने का आरोप लगाया। उसने यहां तक कहा कि पिता तुरंत दिल्ली लौटें और अपनी पत्नी को तलाक दे दें। इस बात से परिवार में तनाव और बढ़ गया।
घर लौटने के बाद बढ़ी हैवानियत
परिवार जब 1 अगस्त को दिल्ली लौटा, तभी आरोपी ने अपनी मां से मारपीट की। अगले ही दिन उसने फिर से हमला करने की कोशिश की। हालात से परेशान होकर महिला कुछ दिन के लिए अपनी बड़ी बेटी के ससुराल चली गई।
11 अगस्त की रात की वारदात
अमर उजाला ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि 11 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे महिला घर लौटी। तभी आरोपी ने उससे अकेले में बात करने की जिद की और एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि उसने चाकू और कैंची दिखाकर धमकाया और जबरन दुष्कर्म किया।
14 अगस्त को दोहराई गई घटना
महिला ने डर और शर्म की वजह से तुरंत किसी को नहीं बताया। वह अपनी बेटी के साथ उसी कमरे में रहने लगी। लेकिन 14 अगस्त की सुबह करीब 3:30 बजे आरोपी ने फिर वही हरकत दोहराई। इसके बाद महिला ने हिम्मत जुटाई और अपनी बेटी के साथ मिलकर पुलिस स्टेशन पहुंच गई।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिकायत दर्ज कर ली गई है। केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल जांच और अन्य जरूरी कार्रवाई की जा रही है।