Delhi Morning Traiffic Advisory 26 March, 2026 : दिल्ली में अगले कुछ दिन यात्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। राजधानी के प्रमुख मंदिरों में नवरात्रि के कार्यक्रम, प्रगति मैदान में फिल्म फेस्टिवल और संगम विहार में चल रहे निर्माण कार्य की वजह से ट्रैफिक पुलिस ने नई एडवाइजरी जारी की है। अगर आप घर से बाहर निकल रहे हैं, तो इन रास्तों की जानकारी आपके समय और परेशानी दोनों को बचा सकती है।
कालकाजी मंदिर: आउटर रिंग रोड पर ट्रैफिक रहेगा धीमा
कालकाजी मंदिर में नवरात्रि उत्सव के चलते 18 से 27 मार्च, 2026 तक भारी भीड़ की उम्मीद है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आउटर रिंग रोड (चिराग दिल्ली से मोदी मिल फ्लाईओवर), मां आनंदमई मार्ग, कैप्टन गौड़ मार्ग और आस्था कुंज रोड पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। नेहरू प्लेस से मोदी मिल फ्लाईओवर तक आउटर रिंग रोड पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। पैदल यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे फुट ओवर ब्रिज (FOB) का इस्तेमाल करें।
झंडेवालान मंदिर: भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
झंडेवालान माता मंदिर में नवरात्रि के दौरान 19 से 27 मार्च 2026 तक रानी झांसी रोड और DBG रोड पर ट्रैफिक भारी रहेगा। 23 से 27 मार्च के बीच दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक कालका दास चौक और झंडेवालान गोलचक्कर के बीच बसों और कमर्शियल वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। यात्रियों को फैज रोड, न्यू रोहतक रोड और पंचकुइयां रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
फिल्म फेस्टिवल 2026: प्रगति मैदान के पास रहेगी सख्ती
भारत मंडपम, प्रगति मैदान में 25 से 31 मार्च, 2026 तक फिल्म फेस्टिवल का आयोजन हो रहा है। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक मथुरा रोड और भैरों मार्ग पर ट्रैफिक और पार्किंग से जुड़ी पाबंदियां रहेंगी। जनरल इनवाइटीज के लिए गेट नंबर 4 और 10 से एंट्री रखी गई है। एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रिंग रोड या पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें।
संगम विहार: करणी सिंह शूटिंग रेंज रोड बंद
संगम विहार इलाके में अप्रोच रोड और नाले के निर्माण कार्य की वजह से करणी सिंह शूटिंग रेंज रोड 25 मार्च से 3 अप्रैल, 2026 तक पूरी तरह बंद रहेगी। एमबी रोड (फरीदाबाद की ओर) और पुल प्रह्लादपुर रोड पर भी ट्रैफिक का असर दिखेगा। लोग वैकल्पिक रास्ते के रूप में पुल प्रह्लादपुर रोड से सूरज कुंड वाले रास्ते का चुनाव कर सकते हैं।
दिल्ली पुलिस की यात्रियों को सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गलत तरीके से पार्क की गई गाड़ियों को टो (Tow) कर लिया जाएगा। एडवाइजरी में कहा गया है, 'यात्री अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और प्रभावित रास्तों से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।' रीयल-टाइम अपडेट के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल या हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क कर सकते हैं।