
Dussehra 2025: बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरा की धूम पूरे देश में है। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर सभी राज्यों में धूमधाम से मनया जा रहा है। दशहरे के दिन कई इलाकों में बारिश हो गई है। जिससे कुछ रावण को जलाकर तो कुछ जगह गलाकर दहन किया गया। युग कोई भी हो अंहकार रूपी रावण का भस्म होना समय का शाश्वत नियम है, और इसीलिए पूरा देश इस उत्सव में शामिल है। रावण के अलावा मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी फूंके गए। दशहरे के इस पावन पर्व पर मां दुर्गा और शस्त्रों की पूजा भी की जाती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस त्योहार को बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक बताया और समाज में सत्य, धर्म, न्याय और सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दशहरा का त्योहार पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है... यह बुराई पर अच्छाई की जीत का त्यौहार है। हम सभी को सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में विजयादशमी का त्यौहार बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। हज़ारों लोगों ने इस उत्सव में हिस्सा लिया। श्रीनगर में भी रावण के पुतले का दहन किया गया। उधर, पंजाब के लुधियाना में रावण का पुतला फूंका।
अभिनेता बॉबी देओल ने लव कुश रामलीला द्वारा आयोजित विजयादशमी समारोह में प्रतीकात्मक रूप से रावण के पुतले को जलाने के लिए तीर चलाया। दिल्ली में खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री मोदी को अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। एक कार्यक्रम में उन्हें भी शामिल होना था।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में विजयदशमी धूमधाम से मनाई गई। वाराणसी में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण का पुतला फूंका गया।
भारी बारिश के बीच राजधानी रांची में 70 फीट का रावण का पुतला 65 फीट का कुंभकरण और 60 फीट की ऊंचाई वाली मेघनाथ के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची के विधायक सीपी सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान आतिशबाजी जमकर हुई। बारिश के बावजूद, रावण दहन कार्यक्रम देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग डटे रहे।