आज सुबह असम और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में 5.1 तीव्रता का तेज भूकंप आया। यह भूकंप सुबह 4:17 बजे आया, जिसका केंद्र असम के मोरीगांव जिले के पास था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की गहराई 50 किलोमीटर थी।
मोरीगांव और आसपास के जिलों में झटके महसूस किए गए। ठंड और घने कोहरे के बीच लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। यह इलाका कोपिली फॉल्ट लाइन पर स्थित है, जहां पहले भी कई भूकंप आ चुके हैं।
फिलहाल जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। असम और पूरा पूर्वोत्तर भारत भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है। असम में भूकंप से कुछ घंटे पहले, सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे त्रिपुरा के गोमती जिले में 3.9 तीव्रता का भूकंप आया था।
नेपाल में भी भूकंप
नेपाल के पूर्वी उदयपुर जिले में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। अधिकारियों के अनुसार, इससे किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। यह भूकंप शनिवार रात 10:51 बजे आया, जिसका केंद्र उदयपुर जिले के बागापाटी क्षेत्र में था। आसपास के जिलों में भी झटके महसूस किए गए।
इससे पहले शनिवार सुबह नेपाल के ताप्लेजुंग जिले में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था। नेपाल भूकंप के सक्रिय क्षेत्रों (सीस्मिक ज़ोन IV और V) में आता है, इसलिए यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं।