1xBet सट्टेबाजी केस: ED का बड़ा एक्शन, सुरेश रैना और शिखर धवन की ₹11 करोड़ की संपत्ति जब्त

1xBet सट्टेबाजी केस: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन की 11.14 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। जांच एजेंसी के मुताबिक, दोनों खिलाड़ियों ने ऑनलाइन बेटिंग एप 1xBet के प्रमोशन से हुई कमाई का इस्तेमाल निवेश और संपत्ति खरीद में किया था।

Jitendra Singh
अपडेटेड6 Nov 2025, 06:23 PM IST
1xBet सट्टेबाजी केस: ED का आरोप है कि दोनों खिलाड़ियों ने जानबूझकर एग्रीमेंट किया है।
1xBet सट्टेबाजी केस: ED का आरोप है कि दोनों खिलाड़ियों ने जानबूझकर एग्रीमेंट किया है।

1xBet सट्टेबाजी केस: प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate - ED) ने 1xBet मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन के खिलाड बड़ा एक्शन लिया है। जांच एजेंसी ने दोनों खिलाड़ियों की 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (Prevention of Money Laundering Act - PMLA) 2002 के तहत की गई है। ईडी ने बताया कि इस कुर्की में सुरेश रैना के नाम पर 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश और शिखर धवन के नाम पर 4.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। यह कदम ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के चलते उठाया गया है।

इस संपत्ति को 'प्रोसीड्स ऑफ क्राइम' यानी अपराध से कमाई गई संपत्ति माना गया है। सितंबर महीने में ED ने 1xBet ऐप मामले में क्रिकेटर युवराज सिंह, सुरेश रैना, रॉबिन उथप्पा और शिखर धवन, अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती (पूर्व TMC सांसद) और अंकुश हाजरा (बंगाली एक्टर) से पूछताछ की थी। कुछ ऑनलाइन इन्फ्लुएंसर्स से भी सवाल किए गए थे।

जानिए क्या है मामला?

ईडी की जांच कई राज्यों की पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर पर आधारित है, जो गैरकानूनी ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़ी है। जांच में सामने आया है कि 1xBet और उसके ‘सुरोगेट ब्रांड’- 1xBat, 1xBat Sporting Lines- भारत में बिना किसी अनुमति के ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए का प्रचार कर रहे थे। ईडी के मुताबिक, रैना और धवन ने विदेशी कंपनियों के साथ मिलकर इन प्लेटफॉर्म्स का प्रचार किया। इसके बदले उन्हें विदेशी रास्तों से भुगतान किया गया। ये पैसे गैरकानूनी सट्टेबाजी से कमाए गए थे, जिनकी असली पहचान छिपाने के लिए जटिल लेनदेन किए गए।

यह भी पढ़ें | दिल्ली के स्कूल में एडमिशन का बदल गया नियम, नर्सरी से क्लास 1 तक की शर्तें जानिए

चार्जशीट होगी दाखिल

ED के अफसरों के मुताबिक, जब्ती आदेश PMLA के एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी को भेजा जाएगा। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद केस में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के नियमों के अनुसार, अपराध से जुड़ी संपत्तियों को जब्त कर लिया जाता है ताकि दोषी उनका फायदा न उठा सकें। आदेश जारी होने के बाद इसे PMLA के तहत बनाए गए एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी को भेजा जाएगा और कोर्ट से मंजूरी मिलते ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

यह भी पढ़ें | राहुल गांधी ने जिसे बताया ‘ब्राजीलियन मॉडल’, निकली कोई और, महिला ने खुद बताया सच

जानिए 1xBet क्या है

1xBet साइप्रस की ऑनलाइन बेटिंग कंपनी है। यह दुनिया भर में खेल आयोजनों पर सट्टा लगाने की सुविधा देती है। कंपनी खुद को वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त बुकी बताती है। इसका ऐप और वेबसाइट 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं। भारत में यह प्लेटफॉर्म प्रतिबंधित है। कंपनी पर आरोप है कि उसने लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपए की ठगी की है या बड़े पैमाने पर टैक्स की चोरी की है। कंपनी का दावा है कि 1xBet एक वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त बुकी है, जो पिछले 18 सालों से बेटिंग इंडस्ट्री में है।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमन्यूज़1xBet सट्टेबाजी केस: ED का बड़ा एक्शन, सुरेश रैना और शिखर धवन की ₹11 करोड़ की संपत्ति जब्त
More