ED Raid: लाल किला ब्लास्ट केस, अल फलाह यूनिवर्सिटी पर ED की छापेमारी, रेड से अल फलाह कैंपस में बढ़ी दहशत

दिल्ली में लाल किला कार विस्फोट मामले में जांच एजेंसियों के दायरे में आई अल फलाह यूनिवर्सिटी पर आज सुबह 5 बजे बड़ी कार्रवाई हुई। ED ने ओखला स्थित यूनिवर्सिटी मुख्यालय और उसके ट्रस्टियों से जुड़े ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। दिल्ली के अलावा फरीदाबाद में भी कई जगहों पर रेड की गई।

Rishabh Shukla( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड18 Nov 2025, 12:16 PM IST
अल-फलाह यूनिवर्सिटी में ED की छापेमारी
अल-फलाह यूनिवर्सिटी में ED की छापेमारी(HT)

दिल्ली ब्लास्ट मामले में जांच के दायरे में आई अल फलाह यूनिवर्सिटी पर मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई हुई। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ओखला स्थित यूनिवर्सिटी मुख्यालय और उसके 25 ट्रस्टियों से जुड़े ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। दिल्ली के अलावा फरीदाबाद में भी कई जगहों पर रेड की गई। जांच एजेंसियों को संदेह है कि यूनिवर्सिटी लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों का केंद्र बनी हुई थी। जानकारी के अनुसार, ईडी की विभिन्न टीमों ने कुल 25 स्थलों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें ओखला ऑफिस और ट्रस्टियों के आवास एवं दफ्तर शामिल हैं। एनआईए द्वारा दर्ज केस के बाद ईडी ने वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। यूनिवर्सिटी के संचालन में कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिनकी सत्यता की जांच एजेंसियां कर रही हैं।

विश्वविद्यालय के खिलाफ वित्तीय धोखाधड़ी के गंभीर आरोप

ईडी की कार्रवाई दिल्ली पुलिस अपराध शाखा, हरियाणा पुलिस और एनआईए द्वारा दर्ज की गई विभिन्न प्राथमिकी पर आधारित है, जिनमें विश्वविद्यालय के खिलाफ वित्तीय धोखाधड़ी और संदिग्ध लेन-देन के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा जांच एजेंसियों को संदेह है कि विस्फोट के आरोपी डॉ. उमर नबी जो उस आई20 कार को चला रहा था जिसमें धमाका हुआ, का विश्वविद्यालय से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध था। दिल्ली कार बम बलास्ट में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।

ईडी की दिल्ली एनसीआर में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी

शुरुआत में विश्वविद्यालय प्रशासन ने उमर नबी व उसके सहयोगियों से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया था। हालांकि, बाद में सामने आए दस्तावेजों और पूछताछ में यह संकेत मिले कि विश्वविद्यालय के अकाउंट्स और उससे जुड़े ट्रस्टों में संदिग्ध लेन-देन हुए थे। इसी आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की है। सूत्रों का दावा है कि ईडी वित्तीय लेन-देन के साथ-साथ कथित तौर पर आतंकी फंडिंग की संभावना की भी जांच कर रही है। एनआईए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो उमर नबी के करीबी बताए जा रहे हैं। ईडी की टीमें दिल्ली एनसीआर में एक साथ कई स्थानों पर तलाशी ले रही हैं, जिनमें विश्वविद्यालय का ओखला ऑफिस, फरीदाबाद का मुख्य कैंपस और ट्रस्टियों के निजी आवास शामिल हैं।

कैंपस में डर का माहौल, कई छात्र घर लौटे

अल फलाह विश्वविद्यालय में छापेमारी की खबर के बाद छात्रों और कर्मचारियों के बीच भारी भय और अनिश्चितता का माहौल है। विश्वविद्यालय फिलहाल एमबीबीएस सहित विभिन्न कोर्स की परीक्षाओं के बीच है, जिसके कारण प्रशासन छात्रों से कैंपस में ही बने रहने की अपील कर रहा है।सूत्रों ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रयास कर रहा है कि कक्षाएं चालू रहें और छात्रावास में विद्यार्थी टिक रहें , फिर भी कुछ छात्र घर लौट गए हैं। एक एमबीबीएस छात्र ने नाम न उजागर करने के अनुरोध पर बताया कि अधिकतर छात्र अब भी परिसर में हैं और कक्षाएं जारी हैं, लेकिन केवल औपचारिकता के तौर पर।

जांच का घेरा और सख्त होगा

इससे पहले आज दिल्ली पुलिस ने फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल मामले की मौजूदा जांच और जालसाजी एवं धोखाधड़ी के लिए विश्वविद्यालय के खिलाफ दर्ज दो मामलों के संबंध में अल फलाह विश्वविद्यालय के अध्यक्ष को दो समन जारी किए। जांच एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक दस्तावेजी साक्ष्य, डिजिटल डेटा और संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों के आधार पर आने वाले दिनों में और पूछताछ और संभावित गिरफ्तारियां हो सकती हैं। ईडी के सूत्रों ने संकेत दिया है कि मनी ट्रेल और फंडिंग चैनल की जांच पूरी होने तक अभियान जारी रहेगा।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़ED Raid: लाल किला ब्लास्ट केस, अल फलाह यूनिवर्सिटी पर ED की छापेमारी, रेड से अल फलाह कैंपस में बढ़ी दहशत
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़ED Raid: लाल किला ब्लास्ट केस, अल फलाह यूनिवर्सिटी पर ED की छापेमारी, रेड से अल फलाह कैंपस में बढ़ी दहशत