तमिलनाडु में चुनाव से पहले SIR पर घमासान, मतदाता सूची संशोधन पर DMK और चुनाव आयोग आमने-सामने

तमिलनाडु में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची से 97 लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं, जिस पर सियासी विवाद गहरा गया है। चुनाव आयोग इसे शुद्धिकरण की प्रक्रिया बता रहा है, जबकि DMK ने इसे लोकतंत्र विरोधी करार देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। SIR को लेकर बंगाल और संसद में भी बहस जारी है।

Rishabh Shukla
अपडेटेड19 Dec 2025, 09:53 PM IST
SIR के बाद तमिलनाडु में मतदाता सूची से हटे 97 लाख वोटर
SIR के बाद तमिलनाडु में मतदाता सूची से हटे 97 लाख वोटर

तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद राज्य की ड्राफ्ट मतदाता सूची में अब 5,43,76,755 मतदाता दर्ज हैं। इनमें करीब 2.66 करोड़ महिलाएं और 2.77 करोड़ पुरुष शामिल हैं। SIR से पहले राज्य में लगभग 6.41 करोड़ पंजीकृत मतदाता थे। इस प्रक्रिया के दौरान कुल 97,37,832 नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जिससे चुनावी माहौल में हलचल तेज हो गई है।

क्यों हटाए गए इतने बड़े पैमाने पर नाम?

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार हटाए गए नामों में 26.94 लाख मृत मतदाता, 66.44 लाख ऐसे लोग शामिल हैं जो स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं, जबकि 3,39,278 नाम डुप्लीकेट पाए गए। तीन चरणों में घर-घर जाकर किए गए सत्यापन के दौरान 66,44,881 लोग अपने पंजीकृत पते पर नहीं मिले। चुनाव आयोग का कहना है कि यह पूरी कवायद मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए की गई।

यह भी पढ़ें | पश्चिम बंगाल में SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, जानिए कैसे करें नाम की जांच

DMK का विरोध, सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला

SIR को लेकर DMK और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने तीखा विरोध दर्ज कराया है। स्टालिन ने इसे लोकतंत्र विरोधी कदम बताते हुए कहा कि चुनाव से कुछ महीने पहले पूरी मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक सोची-समझी रणनीति है, जिससे वैध मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें। DMK ने इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है। स्टालिन ने बिहार का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां भी लाखों असली मतदाताओं के नाम हटाए गए थे और AIADMK पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें | पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट से हटेंगे 57 लाख से अधिक नाम

बंगाल और संसद तक पहुंची SIR की बहस

SIR को लेकर विवाद सिर्फ तमिलनाडु तक सीमित नहीं है। पश्चिम बंगाल में भी ड्राफ्ट डिलीटेड वोटर लिस्ट जारी की गई है। वहीं संसद के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे पर जमकर बहस हुई। राज्यसभा में जेपी नड्डा ने कहा कि बंगाल में 2002 के बाद मतदाताओं की संख्या में असामान्य बढ़ोत्तरी हुई है। चुनाव आयोग का तर्क है कि SIR का मकसद मतदाता सूची को अपडेट और भरोसेमंद बनाना है, न कि किसी को वोट के अधिकार से वंचित करना।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़तमिलनाडु में चुनाव से पहले SIR पर घमासान, मतदाता सूची संशोधन पर DMK और चुनाव आयोग आमने-सामने
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़तमिलनाडु में चुनाव से पहले SIR पर घमासान, मतदाता सूची संशोधन पर DMK और चुनाव आयोग आमने-सामने