Mira Nair name in Epstein Files: जेफरी एप्स्टीन से जुड़ी फाइलों ने एक बार फिर दुनिया भर में हलचल मचा दी है। इन दस्तावेजों में कई जाने-माने नाम सामने आए हैं, जिनमें अब भारतीय मूल की मशहूर फिल्ममेकर मीरा नायर का नाम भी शामिल है। मीरा नायर न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी की मां हैं, जिस वजह से यह मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है।
फिल्म पार्टी में मौजूदगी का दावा
दस्तावेजों के मुताबिक, मीरा नायर का नाम 2009 की एक ईमेल में सामने आया है, जिसमें उन्हें एक फिल्म पार्टी के मेहमान के तौर पर सूचीबद्ध किया गया है। यह पार्टी यौन अपराधी जेफरी एप्सटीन की करीबी सहयोगी गिसलेन मैक्सवेल के घर पर आयोजित हुई थी। यह जानकारी एक ईमेल के जरिए सामने आई, जिसे पब्लिसिस्ट पैगी सीगल ने एप्सटीन को भेजा था।
ईमेल के टेक्स्ट में लिखा गया है कि पार्टी में कई बड़े और चर्चित नाम मौजूद थे, जिनमें मीरा नायर का भी जिक्र है। हालांकि, ईमेल का सब्जेक्ट और पूरा संदर्भ सार्वजनिक नहीं किया गया है।
ईमेल में किन नामों का जिक्र?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईमेल में बिल क्लिंटन और जेफ बेजोस जैसे नामों का भी उल्लेख है। मेल में यह भी कहा गया है कि यह एक फिल्म से जुड़ी पार्टी थी, जिसे लेकर मेहमानों की प्रतिक्रिया मिली-जुली बताई गई। कई रिपोर्ट्स का कहना है कि यह पार्टी मीरा नायर की 2009 में रिलीज हुई फिल्म Amelia के लिए रखी गई थी, जिसमें हिलेरी स्वैंक और रिचर्ड गेर मुख्य भूमिका में थे।
सीधे तौर पर आरोप नहीं
यह भी क्लैरिफाई किया गया है कि इन फाइलों में किसी का नाम होना सीधे तौर पर किसी गलत काम का सबूत नहीं माना जा सकता। दस्तावेज केवल संपर्कों, ईमेल्स और सामाजिक मेल-जोल का रिकॉर्ड दिखाते हैं। खुद जेफरी एप्सटीन की 2019 में जेल में मौत हो चुकी है, जब वह सेक्स ट्रैफिकिंग के मामले में ट्रायल का इंतजार कर रहा था।
न्यूयॉर्क मेयर की तरफ से कोई रिएक्शन?
इस पूरे मामले पर अभी तक न्यूयॉर्क सिटी मेयर के ऑफिस या मीरा नायर की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसलिए फिलहाल इस जिक्र को सिर्फ दस्तावेजी उल्लेख के तौर पर ही देखा जा रहा है।
एप्सटीन फाइल्स से जुड़े 30 लाख से ज्यादा पन्ने और हजारों वीडियो
अमेरिकी यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस (DOJ) ने इस बार एप्सटीन से जुड़े करीब 30 लाख पन्नों के दस्तावेज जारी किए हैं। इसके साथ ही 2,000 से ज्यादा वीडियो और लगभग 1.8 लाख तस्वीरें भी शामिल हैं। डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांच ने बताया कि सभी दस्तावेज कानून के तहत सार्वजनिक किए जा रहे हैं, हालांकि महिलाओं की तस्वीरों को गोपनीयता के चलते रेडैक्ट किया गया है।
मीरा नायर का नाम एप्सटीन फाइल्स में सामने आना चर्चा का विषय जरूर है, लेकिन फिलहाल इससे किसी भी तरह के आरोप या निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। जैसे-जैसे दस्तावेजों की जांच आगे बढ़ेगी, तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।