गोवा के अर्पोरा स्थित नाइटक्लब बर्च बाय रोमियो लेन में हुए भीषण अग्निकांड मामले में गोवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अजय गुप्ता को आज को हिरासत में ले लिया। अजय गुप्ता को सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा का साझेदार बताया जा रहा है। इसी नाइटक्लब में 6 दिसंबर को लगी आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अजय गुप्ता और एक अन्य आरोपी सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ पहले ही लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया जा चुका था। वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, उस वक्त से ही दोनों पर निगरानी रखी जा रही थी जब हादसे के बाद लूथरा भाई देश छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे।
अजय गुप्ता की कोर्ट में पेशी की तैयारी
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, ongoing जांच के तहत अजय गुप्ता को आज अदालत में पेश करने की तैयारी है। इस बीच, उप महानिरीक्षक वर्षा शर्मा ने अंजुना पुलिस स्टेशन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुष्टि की कि सुरिंदर खोसला ब्रिटिश नागरिक हैं और दोनों आरोपियों के खिलाफ LOC जारी है। अब तक पुलिस इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें नाइटक्लब के चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोडक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर और भरत कोहली शामिल हैं।
अजय गुप्ता दिल्ली के कारोबारी हैं और GS Hospitality Arpora LLP के चार सह मालिकों में से एक हैं। यही कंपनी उत्तरी गोवा के अर्पोरा में बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब का संचालन करती है, जो दिल्ली के लोकप्रिय रोमियो लेन ब्रांड से जुड़ा हुआ है। यह क्लब बार, रेस्टोरेंट और पार्टी वेन्यू के रूप में जाना जाता था।
कब हुआ था गोवा के नाइटक्लब में हादसा?
6 दिसंबर की रात करीब 11:45 बजे, एक व्यस्त वीकेंड इवेंट के दौरान नाइटक्लब में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इनडोर आतिशबाजी के गलत इस्तेमाल से आग भड़की। साथ ही, क्लब में पर्याप्त फायर सेफ्टी सिस्टम, उचित इमरजेंसी एग्ज़िट और वैध अनुमतियों की कमी की भी बात सामने आई है। हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकांश कर्मचारी थे, जो अंदर फंसे रह गए।
हादसे के बाद लूथरा ब्रदर्स ने छोड़ दिया था देश
गोवा पुलिस के अनुसार, लूथरा भाई आग लगने के सिर्फ पांच घंटे के भीतर देश छोड़कर भाग गए थे। 7 दिसंबर की सुबह उन्होंने इंडिगो फ्लाइट 6E-1073 से नई दिल्ली से थाईलैंड के फुकेत के लिए उड़ान भरी। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और फरार आरोपियों को वापस लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई तेज की जाएगी।