पणजी: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर हुए जश्न के दौरान कथित तौर पर उमर खालिद के समर्थन में बयान देने के आरोप में शनिवार को पणजी में दो युवकों को हिरासत में लिया गया। आजाद मैदान में एक ग्रुप प्रधान के इस्तीफे का जश्न मना रहा था, तभी दानिश नाम के एक युवक ने खालिद के समर्थन में नारे लिखी एक तख्ती दिखाने लगा। प्रधान ने पेपर लीक मामले में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के नेतृत्व में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद पद से इस्तीफा दे दिया है।
पहचान छिपाने पर हिरासत में लिया गया युवक
मीडिया की ओर से पूछे जाने पर दानिश ने कहा कि वह उमर खालिद की जेल से रिहाई की मांग का समर्थन करता है। विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर मौजूद एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने अपनी पहचान बताने से इनकार करने पर दानिश को हिरासत में ले लिया। दानिश को हिरासत में लिए जाने के बाद आजाद मैदान में मौजूद सभी लोग उसके समर्थन में पुलिस मुख्यालय की ओर मार्च करते हुए उसकी रिहाई की मांग करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान हिरासत में एक और युवक
एक अधिकारी ने बताया कि जब यह ग्रुप दानिश के समर्थन में नारे लगा रहा था, तभी पुलिस ने सुदिन दलवी को हिरासत में ले लिया। उस पर आरोप है कि उसने भी खालिद का समर्थन किया और मीडियाकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
मामले पर सीएम का आया बयान
इस मामले पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत का भी बयान आया है। उन्होंने रविवार को कहा कि राज्य में राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बीच, पुलिस ने उन दो प्रदर्शनों के आयोजकों से पूछताछ की, जिनमें कथित तौर पर उमर खालिद की रिहाई की मांग वाली तख्तियां दिखाई गई थीं।
आयोजक NGO से भी पूछताछ
पुलिस ने गैर-सरकारी संगठन (NGO) उजवाद की प्रमुख अमरीन शेख से पूछताछ की। इस संगठन ने परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं और नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शुक्रवार को मापुसा और शनिवार को पणजी में प्रदर्शन आयोजित किए थे।