Happy Birthday Salman Khan: बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान हिंदी सिनेमा के उन सितारों में से हैं जिनकी फिल्में और अंदाज दोनों ही दर्शकों को खूब भाते हैं। आज 27 दिसंबर 2025 को वे अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं।
1988 में की थी करियर की शुरुआत
सलमान खान का जन्म 27 दिसंबर 1965 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता सलीम खान हिंदी सिनेमा के जाने-माने लेखक रहे हैं। फिल्मी माहौल में पले-बढ़े सलमान ने अपने करियर की शुरुआत साल 1988 में फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ से की, जिसमें उनका रोल छोटा था लेकिन पहचान की शुरुआत यहीं से हुई।
‘मैंने प्यार किया’ से मिली पहचान
साल 1989 में आई फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ ने सलमान खान की किस्मत बदल दी। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनकी जोड़ी भाग्यश्री के साथ खूब पसंद की गई। फिल्म सुपरहिट साबित हुई और सलमान रातों-रात स्टार बन गए। इसी फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला।
90 के दशक में रोमांटिक हीरो की छवि
इसके बाद 1991 में आई ‘सनम बेवफा’ और फिर ‘साजन’ जैसी फिल्मों ने सलमान को रोमांटिक हीरो के रूप में मजबूत पहचान दिलाई। माधुरी दीक्षित के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया और उनके अभिनय की भी जमकर तारीफ हुई।
कॉमेडी से लेकर फैमिली ड्रामा तक
1994 में आई ‘अंदाज अपना अपना’ में सलमान ने आमिर खान के साथ कॉमेडी करके साबित किया कि वह सिर्फ रोमांटिक हीरो नहीं हैं। इसके बाद ‘हम आपके हैं कौन’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म में उन्होंने फिर से पारिवारिक दर्शकों का दिल जीत लिया। यह फिल्म आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में गिनी जाती है।
लगातार हिट फिल्मों का दौर
1997 में आई ‘जुड़वां’ में सलमान ने डबल रोल निभाकर दर्शकों को खूब हंसाया। वहीं 1998 में ‘प्यार किया तो डरना क्या’ में काजोल के साथ उनकी जोड़ी सुपरहिट रही। 1999 में संजय लीला भंसाली की ‘हम दिल दे चुके सनम’ ने उनके करियर को एक नया मुकाम दिया और एक गंभीर कलाकार के तौर पर उनकी पहचान बनाई।
आज भी कायम है स्टारडम
सालों बाद भी सलमान खान का स्टारडम बरकरार है। एक्शन, रोमांस या फैमिली ड्रामा, हर जॉनर में उन्होंने खुद को साबित किया है। यही वजह है कि उनकी हर फिल्म का इंतजार दर्शक बेसब्री से करते हैं।