Bihar Budget 2026-27: नेपाल के पशुपतिनाथ से बिहार होते हुए झारखंड के बैद्यनाथधाम तक 'पशुपतिनाथ–बैद्यनाथधाम हाई-स्पीड कॉरिडोर' ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा। यह जानकारी बिहार के पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को विधानसभा में दी।
पशुपतिनाथ से बैद्यनाथ तक ग्रीन कॉरिडोर का रूट जान लीजिए
जायसवाल ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पथ निर्माण विभाग का 8,260 करोड़ रुपये से अधिक का बजट पेश करते हुए कहा कि प्रस्तावित 250 किलोमीटर लंबा 'पशुपतिनाथ–बैद्यनाथ धाम हाई-स्पीड कॉरिडोर' काठमांडू से शुरू होगा, भीमनगर और बीरपुर से गुजरते हुए बिहार के सुपौल जिले में भारत में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर और बांका जिलों से गुजरते हुए झारखंड के देवघर जिले स्थित बैद्यनाथधाम तक पहुंचेगा।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास
जायसवाल ने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर को झारखंड के बैद्यनाथधाम मंदिर से सीधे जोड़ना है ताकि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के निर्माण से बिहार और झारखंड के कई जिलों में आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी तथा क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित एक्सप्रेसवे को रक्सौल–हल्दिया और दरभंगा–अमस एक्सप्रेसवे जैसे अन्य प्रमुख मार्गों से भी जोड़ा जाएगा, जिससे पूर्वी भारत में सड़क संपर्क का एक सशक्त नेटवर्क विकसित होगा।
सीमावर्ती सात जिलों में बनेगी 554 किलोमीटर लंबी सड़क
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भारत-नेपाल सीमा सड़क परियोजना के तहत बिहार में कुल 554.08 किलोमीटर लंबाई में सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि यह परियोजना सीमावर्ती सात जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज से होकर गुजरती है। यह मार्ग पश्चिमी चंपारण के मदनपुर से शुरू होकर किशनगंज जिले के गलगलिया में समाप्त होगा।
आरा से भागलपुर के बीच जेपी गंगा पथ का होगा विस्तार
मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा बल्कि व्यापार, पर्यटन और सुरक्षा के लिहाज से भी राज्य को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। जायसवाल ने कहा कि गंगा नदी के दक्षिणी किनारे पर आरा से लेकर भागलपुर तक जेपी गंगा पथ के विस्तार की योजना है। उन्होंने बताया कि राज्य की अतिमहत्वाकांक्षी परियोजना जेपी गंगा पथ का काम पूरा कर लोकार्पण किया जा चुका है और इस पथ पर आवागमन सुगम हो गया है।