Solan Blast: हिमाचल प्रदेश में नए साल पर धमाका हुआ है। सोलन के नालागढ़ के पुलिस स्टेशन की दीवार के पास सुबह करीब 9.15 बजे एक जोरदार धमाका हुआ। इस घटना से पुलिस स्टेशन, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक भवन और मार्केट कमेटी के भवन की खिड़कियों के शीशे चूर-चूर हो गए। गए। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। धमाके का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी गूंज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल के पास मौजूद इमारतों और आर्मी अस्पताल के शीशे चकनाचूर हो गए। आधा किलोमीटर तक धमाके की आवाज सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका होते ही पूरा इलाका दहल गया और एक पल के लिए कुछ भी दिखाई नहीं दिया। चाय की दुकानों पर बैठे लोग भी तेज आवाज सुनकर सहम गए।
सीएम सुक्खू ने दिया बयान
उधर, शिमला में अपने सरकारी आवास में सीएम सुक्खू ने कहा कि नालागढ़ में हुए ब्लास्ट को लेकर पुलिस विभाग से जानकारी मांगी गई है। वहीं, आर्मी अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. वालिद शाह ने बताया कि वे ओपीडी में बैठे थे, जब अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी। इस दौरान पूरी धरती हिल गई और उनके हाथ में रखा चाय का कप छूटकर गिर गया। धमाके से अस्पताल की 9 खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट गए हैं।
फॉरेंसिक टीम कर रही है जांच
धमाके की जानकारी मिलते ही एसपी बद्दी विनोद धीमान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस का कहना है कि धमाके के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। एक्सपर्ट्स की टीम जमीन से सैंपल्स इकट्ठा कर रही है, जिससे यह पता चल सके कि यह किसी विस्फोटक पदार्थ के कारण हुआ या इसके पीछे कोई और तकनीकी कारण था। जांच पूरी होने तक पुलिस ने इलाके को पूरी तरह सुरक्षित रखा है।