
मिजोरम के पूर्व राज्यपाल, वरिष्ठ अधिवक्ता व भाजपा नेता स्वराज कौशल का आज आकस्मिक निधन हो गया। वे 73 साल के थे। स्वराज कौशल देश के इतिहास में सबसे कम उम्र में राज्यपाल बनने वाले शख्स थे। वर्ष 1990 में उन्हें मिजोरम का राज्यपाल बनाया गया था। उस वक्त स्वराज कौशल की उम्र महज 37 साल थी। इसके अलावा कौशल 1998 से 2004 तक हरियाणा से राज्यसभा सांसद भी रहे। स्वराज कौशल सुप्रीम कोर्ट में सीनियर एडवोकेट भी रहे।
दैनिक जागरण की खबर के अनुसार, स्वराज कौशल को दोपहर में अचानक सीने में दर्द महसूस होने पर इलाज के लिए AIIMS ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वराज कौशल की गिनती देश के जाने-माने अधिवक्ताओं में होती थी। सार्वजनिक जीवन में उनकी पहचान बेहद ईमानदार और दूरदर्शी वाले प्रशासक की रही। राजनीति और कानून दोनों क्षेत्रों में अपनी मजबूत छाप छोड़ने वाले स्वराज कौशल का जाना देश के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया कि स्वराज कौशल जी के निधन से मैं दुखी हूं। उन्होंने खुद को एक वकील और एक ऐसे व्यक्ति के रूप में प्रतिष्ठित किया जो वंचितों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कानूनी पेशे का उपयोग करने में विश्वास करते थे।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि कौशल भारत के सबसे युवा राज्यपाल बने और अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मिजोरम के लोगों पर अमिट छाप छोड़ी।
भाजपा सांसद और स्वराज कौशल की बेटी बांसुरी स्वराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, पापा स्वराज कौशल जी, आपका स्नेह, आपका अनुशासन, आपकी सरलता, आपका राष्ट्रप्रेम और आपका अपार धैर्य मेरे जीवन की वह रोशनी हैं जो कभी मंद नहीं होगी। आपका जाना हृदय की सबसे गहरी पीड़ा बनकर उतरा है, पर मन यही विश्वास थामे हुए है कि आप अब माँ के साथ पुनः मिल चुके हैं, ईश्वर के सान्निध्य में, शाश्वत शांति में। आपकी बेटी होना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गौरव है, और आपकी विरासत, आपके मूल्य और आपका आशीर्वाद ही मेरी आगे की हर यात्रा का आधार रहेंगे।
स्वराज कौशल का जन्म 12 जुलाई 1952 को हुआ था। दिल्ली यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी से उन्होंने पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने वकालत शुरू की। स्वराज कौशल की पहचान सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकीलों में होती थी। वे छह साल तक राज्यसभा में सांसद रहे, साथ ही मिजोरम में राज्यपाल की भी जिम्मेदारी संभाली थी। स्वराज कौशल सबसे कम आयु में राज्यपाल का पद प्राप्त करने वाले व्यक्ति बने थे। 1975 में इनका विवाह सुषमा स्वराज के साथ में हुआ था।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.