सावरकर के नाम वाले सम्मान पर भड़के शशि थरूर, कहा- सहमति के बिना नाम घोषित करना गैर जिम्मेदाराना हरकत

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने साफ कर दिया है कि वह वीर सावरकर पुरस्कार स्वीकार नहीं करेंगे और न ही समारोह में भाग लेंगे। थरूर ने कहा कि पुरस्कार और आयोजक को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी और बिना सहमति उनका नाम घोषित किया गया। कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन ने भी इस सम्मान का विरोध किया। 

Rishabh Shukla
अपडेटेड10 Dec 2025, 04:02 PM IST
कांग्रेस सांसद शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में तिरुवनंतपुरम का प्रतिनिधित्व करने वाले शशि थरूर ने बुधवार को स्पष्ट कर दिया कि वह वीर सावरकर पुरस्कार न तो स्वीकार करेंगे और न ही इससे जुड़े किसी समारोह में भाग लेंगे। थरूर ने कहा कि पुरस्कार के स्वरूप, इसे देने वाली संस्था और अन्य जरूरी तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। ऐसे में उनके नाम से पुरस्कार की घोषणा करना गैर-जिम्मेदाराना कदम है। उन्होंने कहा कि बिना उनकी सहमति के आयोजकों द्वारा उनका नाम सार्वजनिक किया जाना उचित नहीं है।

पुरस्कार स्वीकार नहीं, समारोह से भी बनाई दूरी

शशि थरूर ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें इस पुरस्कार के बारे में मंगलवार को पहली बार जानकारी मिली और उन्होंने तभी साफ कर दिया था कि वे समारोह में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी बयान जारी कर कहा कि जानकारी के अभाव में पुरस्कार स्वीकार करने का सवाल ही नहीं उठता।

यह भी पढ़ें | प्रधानमंत्री चैंबर में राहुल की एंट्री... क्या है पूरा मामला

आयोजक का दावा और सरकार की प्रतिक्रिया

पुरस्कार प्रदान करने वाली संस्था हाईरेंज रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी (HRDS) इंडिया के सचिव अजी कृष्णन ने थरूर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सांसद को इस सम्मान की जानकारी पहले ही दे दी गई थी। उनके अनुसार, संस्था के प्रतिनिधियों और चयन समिति के अध्यक्ष ने थरूर से उनके आवास पर मुलाकात भी की थी। कृष्णन ने दावा किया कि थरूर ने पुरस्कार पाने वालों की सूची भी मांगी थी और अब तक कार्यक्रम में न आने की कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई। उन्होंने संकेत दिया कि संभवतः कांग्रेस के दबाव में थरूर ने अपना फैसला बदला है।

आज दिया जाना था सावरकर अवॉर्ड

वहीं केरल के कानून मंत्री पी. राजीव ने कहा कि पुरस्कार स्वीकार करना या न करना थरूर का अपना निर्णय है। उल्लेखनीय है कि एचआरडीएस-इंडिया की ओर से बुधवार को नई दिल्ली में पहला वीर सावरकर इंटरनेशनल इम्पैक्ट अवॉर्ड 2025 दिया जाना था, जिसमें थरूर को भी चयनित किया गया था।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़सावरकर के नाम वाले सम्मान पर भड़के शशि थरूर, कहा- सहमति के बिना नाम घोषित करना गैर जिम्मेदाराना हरकत
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़सावरकर के नाम वाले सम्मान पर भड़के शशि थरूर, कहा- सहमति के बिना नाम घोषित करना गैर जिम्मेदाराना हरकत