लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने शनिवार और रविवार की रात दो अलग-अलग मुठभेड़ों में बड़ी कार्रवाई की। एक मुठभेड़ सहारनपुर में और दूसरी बुलंदशहर में हुई। इनमें एक इनामी बदमाश की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
जानिए सहारनपुर मुठभेड़ के बारे में
पुलिस को सूचना मिली थी कि सुल्तानपुर का वांछित अपराधी सिराज अहमद सहारनपुर के गंगोह इलाके में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। उस पर हत्या समेत कई मामलों में 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
STF ने इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान सिराज अहमद ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सिराज अहमद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने उसके पास से एक मोटरसाइकिल, 30 और 32 बोर की दो पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस, चार मोबाइल फोन, दो वाई-फाई डोंगल, एक बैग और आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक सिराज अहमद पर हत्या, हत्या के प्रयास और रासुका सहित करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बुलंदशहर मुठभेड़ के बारे में जानिए सबकुछ
दूसरी घटना बुलंदशहर जिले में हुई, जहां कोतवाली देहात और गुलावठी पुलिस की 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। बदमाश की पहचान आजाद उर्फ जुबैर उर्फ पीटर (35 वर्ष) के रूप में हुई। मुठभेड़ में वह पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत बदमाश के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और बिना नंबर की HF-Deluxe बाइक बरामद की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जुबैर उर्फ पीटर के खिलाफ लूट, डकैती, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 47 आपराधिक मामले दर्ज थे। उसके खिलाफ मेरठ, हापुड़, बिजनौर, दिल्ली, अमरोहा, गाजियाबाद सहित कई जिलों में केस चल रहे थे।