ICC T20 World Cup 2026 Schedule: साल 2026 क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है। जहां एक ओर भारत महिला प्रीमियर लीग (WPL) और आईपीएल जैसे बड़े घरेलू टूर्नामेंटों की मेजबानी करेगा, वहीं दूसरी ओर दुनिया भर की नजरें टिकी होंगी पुरुष टी20 विश्व कप पर, जिसकी संयुक्त मेजबानी भारत और श्रीलंका करेंगे।
ये मुकाबले भारत में कम से कम पांच और श्रीलंका में दो स्थानों पर खेले जाएंगे। फाइनल अहमदाबाद या कोलंबो में होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि पाकिस्तान फाइनल खेल रहा है या नहीं। भारत और पाकिस्तान वर्तमान में दोनों सरकारों के बीच तनावपूर्ण राजनीतिक संबंधों के कारण एक-दूसरे के देशों में नहीं खेल रहे हैं।
आईसीसी अभी भी कार्यक्रम को अंतिम रूप दे रहा है, वहीं ईएसपीएन क्रिकइंफो को पता चला है कि उसने समय सीमा तय कर ली है और भाग लेने वाले देशों को सूचित भी कर दिया है।इसका प्रारूप वेस्टइंडीज और अमेरिका में 2024 में खेले गए पुरुष टी20 विश्व कप जैसा ही होगा, जहां 20 टीमों को 5-5 के चार ग्रुप में विभाजित किया गया था और प्रत्येक समूह से शीर्ष दो टीमें सुपर आठ दौर के लिए क्वालीफ़ाई करेंगी। यहां एक बार फिर आठ टीमों को चार-चार के दो समूहों में विभाजित किया गया था। प्रत्येक सुपर आठ समूह से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंची थीं। भारत मौजूदा चैंपियन है, जिसने बारबाडोस में हुए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया था। पूरे टूर्नामेंट में 55 मैच खेले गए थे।
कौन- कौन से देश की टीम लेंगी हिस्सा?
वर्तमान में, 2026 पुरुष टी20 विश्व कप के लिए 15 टीमों की पुष्टि हो चुकी है: भारत, श्रीलंका, अफग़ानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बंगलादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, नीदरलैंड्स और इटली। इटली ने पहली बार विश्व कप के लिए क्वालिफ़ाई किया है। शेष पांच टीमों में से दो अफ़्रीका क्षेत्रीय क्वालिफायर से और तीन एशिया और पूर्वी एशिया पैसिफ़िक क्वालिफायर से आएंगी।
भारत 2026 के पहले चार महीनों में डब्ल्यूपीएल से शुरू होने वाले कई प्रमुख आयोजनों की मेजबानी कर रहा है, जिनकी तारीखें अभी तय नहीं हुई हैं। बीसीसीआई ने छह टीमों के इस टूर्नामेंट के लिए जनवरी की शुरुआत और फरवरी की शुरुआत के बीच का समय निर्धारित किया है। डब्ल्यूपीएल के बाद पुरुष टी20 विश्व कप होगा, जिसके बाद बीसीसीआई आईपीएल की मेजबानी करेगा, जिसकी संभावित अवधि 15 मार्च से 31 मई है। भारत 11 से 31 जनवरी तक वनडे और टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों के लिए न्यूजीलैंड की भी मेजबानी करेगा।