Chhath My Stamp: देशभर में जब छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, ऐसे में डाक विभाग ने एक ऐसी पहल की है जो दिल को छू जाती है। इस बार छठ पर्व के मौके पर विभाग ने “माई स्टांप” योजना के तहत श्रद्धा, भक्ति और पारिवारिक प्रेम को जोड़ने का अनोखा तरीका निकाला है।
छठ थीम पर बनेगा खास ‘माई स्टांप’
डाक विभाग की इस नई पहल के तहत लोग छठ पूजा थीम पर आधारित अपना “माई स्टांप” बनवा सकते हैं। इसमें व्रती अपनी तस्वीर के साथ छठ घाट, अर्घ्य और सूरज भगवान की पृष्ठभूमि में एक खूबसूरत डाक टिकट तैयार करवा सकते हैं।
कितनी है कीमत?
इस “माई स्टांप” को सिर्फ 300 रुपये में बनवाया जा सकता है। यह केवल एक डाक टिकट नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों की ओर से अपनी छठव्रती माताओं, बहनों या पत्नियों के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त करने का एक प्यार भरा प्रतीक है। कोई बेटा इसे अपनी मां के त्याग के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में दे सकता है, तो कोई पति इसे अपनी पत्नी के समर्पण और आस्था के सम्मान में भेंट कर सकता है।
छठ: भक्ति, त्याग और उल्लास का पर्व
पटना जीपीओ के मुख्य डाकपाल रंजय कुमार सिंह ने बताया कि छठ पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भक्ति, त्याग और पारिवारिक उल्लास का प्रतीक है। इस मौके पर डाक विभाग की यह पहल हर व्रती को एक व्यक्तिगत और यादगार अनुभव देगी, जो जीवनभर साथ रहेगा। “माई स्टांप” न केवल आस्था का सम्मान है, बल्कि रिश्तों में प्रेम और जुड़ाव को और मजबूत करता है।
कैसे बनवाएं अपना “माई स्टांप”
जो भी व्यक्ति इस खास डाक टिकट को बनवाना चाहता है, वह पटना जीपीओ जाकर आवेदन कर सकता है। आवेदन के बाद मात्र 300 रुपये में यह स्टांप तैयार हो जाएगा। अधिक जानकारी के लिए लोग फोन नंबर 0612-2236937 पर संपर्क कर सकते हैं।
“माई स्टांप” योजना डाक विभाग की विशेष पहल है, जिसके जरिए कोई भी व्यक्ति अपने प्रियजनों की तस्वीर या किसी खास अवसर को डाक टिकट पर सहेज सकता है, चाहे वह जन्मदिन हो, शादी या फिर कोई त्योहार। इस बार टीम पटना जीपीओ ने 27 अक्टूबर को एक छठ घाट पर स्टॉल लगाने की भी योजना बनाई है ताकि आम लोग वहीं जाकर अपना “माई स्टांप” बनवा सकें।